साइबर ठगी का शिकार हुईं कीर्ति कुल्हारी

WhatsApp Channel Join Now
साइबर ठगी का शिकार हुईं कीर्ति कुल्हारी


मुंबई, 30 जुलाई (हि.स.)। अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी साइबर ठगी का शिकार हो गई हैं। साइबर अपराधियों ने उनके क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग करते हुए विदेश में करीब 2.44 लाख रुपये के अनधिकृत लेन-देन कर दिए। घटना की जानकारी मिलते ही अभिनेत्री ने बैंक से संपर्क कर अपना कार्ड ब्लॉक कराया और मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 24 जुलाई की रात हुई, जब कीर्ति अंधेरी स्थित एक मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने जा रही थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर बैंक से विदेशी मुद्रा में ट्रांजेक्शन का अलर्ट आया। जांच में पता चला कि उनके क्रेडिट कार्ड से चार अनधिकृत लेन-देन किए गए, जिनकी कुल राशि 2.43 लाख रुपये से अधिक थी। इनमें से एक भुगतान मैक्सिको की एयरलाइन एरोमेक्सिको के नाम पर किया गया था। सूचना मिलते ही बैंक ने तत्काल उनका क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कीर्ति ने अपना पिन या बैंकिंग जानकारी किसी के साथ शेयर नहीं की थी। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि यह धोखाधड़ी हैकिंग या डेटा लीक के जरिए की गई हो सकती है। फिलहाल अंबोली पुलिस और साइबर विशेषज्ञ बैंक रिकॉर्ड और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच कर आरोपितों का पता लगाने में जुटे हैं। वहीं, काम के मोर्चे पर कीर्ति ने हाल ही में बतौर निर्माता अपनी पहली फिल्म की शूटिंग पूरी की है। वह 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक', 'मिशन मंगल', 'क्रिमिनल जस्टिस' और 'ह्यूमन' जैसी फिल्मों और वेब सीरीज में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story