विपक्ष चर्चा से भाग रहा है, यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं: किरण रिजिजू

WhatsApp Channel Join Now
विपक्ष चर्चा से भाग रहा है, यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं: किरण रिजिजू


नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध के बीच संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने बुधवार को कहा कि वह मौजूदा स्थिति से निराश हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में पहली बार वे ऐसी स्थिति देख रहे हैं, जब सरकार खुद संसद में चर्चा के लिए तैयार है लेकिन विपक्ष चर्चा से पीछे हट रहा है।

किरण रिजिजू ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “मैं पूरी तरह निराश हूं। पहली बार अपने जीवन में ऐसी स्थिति देख रहा हूं, जहां सरकार संसद में चर्चा चाहती है लेकिन विपक्ष चर्चा से भाग रहा है।”

उन्होंने कहा कि संसदीय लोकतंत्र में सामान्य तौर पर विपक्ष चर्चा की मांग करता है और सरकार उस पर जवाब देती है लेकिन मौजूदा स्थिति इसके बिल्कुल उलट है। उन्होंने कहा कि सरकार स्पष्ट रूप से कह रही है कि वह चर्चा कराने और सभी सवालों के जवाब देने के लिए तैयार है लेकिन विपक्ष सरकार का जवाब सुनना नहीं चाहता। रिजिजू ने कहा कि लोकतंत्र के लिए यह अच्छी स्थिति नहीं है।

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि सरकार ने विपक्ष के सामने बार-बार चर्चा के लिए अपनी सहमति और तत्परता जाहिर की लेकिन विपक्ष इसके लिए तैयार नहीं हो रहा है। इसी वजह से केंद्रीय गृहमंत्री को एकबार फिर लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखना पड़ा। रिजिजू के मुताबिक, गृह मंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखे पत्र में दोहराया है कि सरकार सदन में खुले, व्यापक और विस्तृत तरीके से चर्चा के लिए तैयार है। साथ ही गृह मंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष से विपक्षी नेताओं को चर्चा के लिए सहमत कराने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Share this story