रिजिजू ने माना छात्रों की चिंता जायज, जंतर-मंतर से उभरे युवा नेतृत्व पर सवाल उठाए

WhatsApp Channel Join Now
रिजिजू ने माना छात्रों की चिंता जायज, जंतर-मंतर से उभरे युवा नेतृत्व पर सवाल उठाए


नई दिल्ली, 18 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन और उससे उभरे युवा नेतृत्व को लेकर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक इंटरव्यू में कहा कि छात्रों की चिंताएं जायज हैं और उनसे बातचीत की जानी चाहिए। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और कुछ अन्य राजनीतिक दल छात्रों के मुद्दे को अपने राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं।

रिजिजू ने कहा कि महाराष्ट्र के अभिजीत दीपके आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं, ऐसे में उनके छात्र आंदोलन का हिस्सा बनने पर सवाल उठता है। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ संवाद किया जा सकता है, क्योंकि उनमें जोश और ऊर्जा होती है। लेकिन राजनीतिक दल अगर छात्रों के पीछे छिपकर अपना राजनीतिक हित साधने की कोशिश करें तो यह सही नहीं है।

यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा जेन जी यानी नई युवा पीढ़ी से जुड़ने में पीछे रह गई है, रिजिजू ने इससे इनकार किया। उन्होंने कहा कि युवाओं से जुड़ाव में कोई कमी नहीं है। उनके मुताबिक, युवा हमारे अपने बच्चे हैं और भारतीय तथा एशियाई समाज में परिवार के बीच मजबूत संबंध होते हैं।

रिजिजू ने कहा कि नई पीढ़ी की बातों और मांगों को सिर्फ खारिज करने के बजाय उन्हें सुनना और अपनी बात भी समझाना जरूरी है। उन्होंने जोर दिया कि युवाओं और सरकार के बीच लगातार संवाद होना चाहिए। उनके मुताबिक, अगर युवाओं को लगातार केवल मांगें करने के लिए उकसाया जाएगा, तो दूरी कम करने में समय लगेगा। इसलिए समाधान का रास्ता बातचीत और आपसी समझ से ही निकलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Share this story