खरगे और केजरीवाल ने उधम सिंह के बलिदान दिवस पर दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
खरगे और केजरीवाल ने उधम सिंह के बलिदान दिवस पर दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 31 जुलाई (हि.स.)। महान क्रांतिकारी और जलियांवाला बाग नरसंहार का प्रतिशोध लेने वाले शहीद सरदार उधम सिंह के बलिदान दिवस पर शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, आआपा के संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति तथा बलिदान को याद किया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महान क्रांतिकारी सरदार उधम सिंह को नमन करते हुए कहा कि वे अदम्य साहस और देशभक्ति के प्रतीक थे। उन्होंने उनके बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि असीम देशभक्ति और अद्भुत हौसले की मिसाल सरदार उधम सिंह के बलिदान दिवस पर उन्हें नमन। उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग नरसंहार का बदला लेकर मां भारती के इस सच्चे सपूत ने हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। उनका अटूट संकल्प और मातृभूमि के प्रति प्रेम हर पीढ़ी के लिए राष्ट्रसेवा की अमर प्रेरणा बना रहेगा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरदार उधम सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने जलियांवाला बाग नरसंहार का प्रतिशोध लेकर भारत के स्वाभिमान, साहस और न्याय के संकल्प को पूरी दुनिया के सामने स्थापित किया। उनका त्याग, पराक्रम और बलिदान राष्ट्र को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

उल्लेखनीय है कि, सरदार उधम सिंह ने 13 मार्च 1940 को लंदन के कैक्सटन हॉल में पंजाब के तत्कालीन लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ'ड्वायर की गोली मारकर हत्या की थी। ओ'ड्वायर को 1919 के जलियांवाला बाग नरसंहार के लिए जिम्मेदार माना जाता था। इस घटना के बाद उधम सिंह को गिरफ्तार किया गया और 31 जुलाई, 1940 को लंदन की पेंटनविल जेल में उन्हें फांसी दे दी गई।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story