केवड़ा का पौधा इंसानों से भी करोड़ों साल पुराना, असम में मिले 2.4 करोड़ साल पुराने जीवाश्म

WhatsApp Channel Join Now
केवड़ा का पौधा इंसानों से भी करोड़ों साल पुराना, असम में मिले 2.4 करोड़ साल पुराने जीवाश्म


नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। केवड़ा पौधा इंसानों से भी करोड़ों साल पुराना है। वैज्ञानिकों ने पता लगाया है कि केवड़ा का पौधा भारत में करीब 2.4 करोड़ साल से मौजूद है। यानी यह पौधा इंसानों के आने से भी बहुत पहले और हिमालय बनने के पहले से धरती पर था।

असम के माकुम कोयला क्षेत्र में केवड़ा के पत्तों के जीवाश्म मिले हैं। इन जीवाश्मों का अध्ययन बिरबल साहनी पुराजीव विज्ञान संस्थान, लखनऊ के वैज्ञानिकों ने किया। उन्होंने पाया कि ये पत्ते आज के केवड़ा पौधे जैसे ही हैं।

वैज्ञानिकों के अनुसार, करोड़ों साल पहले केवड़ा जैसे पौधे दुनिया के कई हिस्सों में पाए जाते थे लेकिन जलवायु बदलने के बाद ये कई जगहों से खत्म हो गए। भारत उन चुनिंदा स्थानों में रहा, जहां यह पौधा आज तक बचा रहा।

शोधकर्ताओं का कहना है कि इस खोज से यह समझने में मदद मिलेगी कि जलवायु परिवर्तन के दौरान पौधे कैसे जीवित रहे और भारत की जैव विविधता कैसे विकसित हुई। यह अध्ययन जीयोबायोस जर्नल में प्रकाशित हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story