केरल विस चुनावः जान गंवाने वाले कार्यकर्ताओं के परिजनों से मिले भाजपा अध्यक्ष, रोड शो

WhatsApp Channel Join Now
केरल विस चुनावः जान गंवाने वाले कार्यकर्ताओं के परिजनों से मिले भाजपा अध्यक्ष, रोड शो


कन्नूर, 01 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को केरल दौरे के दूसरे दिन कन्नूर में अलग-अलग समय और घटनाओं में पार्टी के लिए जान गंवाने वाले कार्यकर्ताओं के परिवार वालों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने इन परिवारों के साथ दोपहर का भोजन भी किया।

नितिन नवीन कन्नूर जिले में अपने पहले सार्वजनिक कार्यक्रम के तुरंत बाद अलग-अलग समय पर पार्टी के लिए जान गंवाने वाले कार्यकर्ताओं के परिजनों के घर पहुंचे और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा और संगठन हर परिस्थिति में इन परिवारों के साथ खड़ा रहेगा।

इससे पहले भाजपा अध्यक्ष ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार के समर्थन में मट्टानूर में रोड शो किया। थलास्सेरी रोड से होकर गुजरने वाले इस रोड शो में सैकड़ों समर्थकों की भागीदारी देखने को मिली।

नितिन नवीन ने मीडिया से बातचीत में केरल विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा का वोट शेयर पिछले कुछ वर्षों में 2 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 20 प्रतिशत तक पहुंच गया है। उनके अनुसार, “कमल का खिलना” राज्य की जनता को पारंपरिक राजनीति के मुकाबले मजबूत विकल्प प्रदान करेगा।

उन्होंने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) पर लंबे समय से राजनीतिक मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि इस बार राजग के नेतृत्व में सरकार बनने की संभावना प्रबल है।

अल्पसंख्यक समुदायों की चिंताओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि केवल राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों को ही पार्टी से डरने की जरूरत है।

मट्टानूर के कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन पानूर पहुंचे, जहां उन्होंने कुथुपरम्बा सीट से उम्मीदवार शिजीलाल के समर्थन में एक और रोड शो का नेतृत्व किया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मट्टानूर और कुथुपरम्बा जैसे क्षेत्रों में भाजपा अध्यक्ष की मौजूदगी उत्तरी केरल में वामपंथी वर्चस्व को चुनौती देने की रणनीतिक पहल है। कार्यक्रमों के समापन के बाद नितिन नवीन के आज दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / उदय कुमार सिंह

Share this story