केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक 2026 की घोषणा, देशभर के 490 पुलिसकर्मी और अधिकारी होंगे सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक 2026 की घोषणा, देशभर के 490 पुलिसकर्मी और अधिकारी होंगे सम्मानित


नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर केंद्र सरकार ने वर्ष 2026 के लिए 'केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक' की घोषणा कर दी है। इस वर्ष देशभर के विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और केंद्रीय पुलिस संगठनों (सीपीओ) के कुल 490 अधिकारियों और जवानों को इस प्रतिष्ठित पदक से सम्मानित किया जाएगा।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार, यह सम्मान पुलिसिंग, जांच, खुफिया सेवा और फोरेंसिक विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया जाता है। इसका उद्देश्य सुरक्षा और जांच एजेंसियों में बेहतर कार्य प्रदर्शन को प्रोत्साहित करना और उत्कृष्ट सेवाओं को पहचान देना है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक फरवरी, 2024 को जारी अधिसूचना के माध्यम से 'केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक' की स्थापना की थी। इस पुरस्कार के तहत पुलिस और सुरक्षा संगठनों में असाधारण प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया जाता है। इसमें राज्य पुलिस बलों, केंद्र शासित प्रदेशों की पुलिस, विशेष खुफिया शाखाओं, केंद्रीय पुलिस संगठनों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और असम राइफल्स के अधिकारी एवं जवान शामिल हैं।

केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक मुख्य रूप से चार क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाता है। पहला पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा विभिन्न अभियानों में असाधारण प्रदर्शन और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए। दूसरा गंभीर और जटिल मामलों की जांच में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए। तीसरा केंद्रीय और राज्य स्तर पर अदम्य साहस, समर्पण और उत्कृष्ट खुफिया कार्य करने वाले कर्मियों के लिए और चाैथा केंद्र और राज्य सरकारों के अधीन फोरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सरकारी वैज्ञानिकों काे दिया जाता है।

इस पदक की घोषणा हर साल 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर की जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था में पेशेवर दक्षता को बढ़ावा देना है।

गृह मंत्रालय के अनुसार, इस सम्मान के जरिए उन अधिकारियों और जवानों के योगदान को पहचान दी जाती है, जिन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए विशिष्ट उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक का उद्देश्य पुलिस और सुरक्षा संगठनों में उच्च पेशेवर मानकों को प्रोत्साहित करना, उत्कृष्ट सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देना और अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना है।

वर्ष 2026 में 490 अधिकारियों और जवानों को इस सम्मान के लिए चुना जाना देशभर की पुलिस, सुरक्षा, जांच और खुफिया एजेंसियों में कार्यरत कर्मियों के योगदान को रेखांकित करता है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769738 Articles

Share this story