कश्मीर घाटी में पंपोर गुड्स शेड पर पहली मालगाड़ी पहुंची, माल परिवहन को मिलेगी नई रफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कश्मीर घाटी में पंपोर गुड्स शेड पर पहली मालगाड़ी पहुंची, माल परिवहन को मिलेगी नई रफ्तार


नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। कश्मीर घाटी में माल परिवहन के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है। उत्तरी रेलवे के जम्मू मंडल ने पंपोर गुड्स शेड पर पहली मालगाड़ी (फ्रेट रेक) का सफल संचालन कर घाटी की रेल माल ढुलाई व्यवस्था को नई दिशा दी है। 15 जुलाई से परिचालन शुरू करने वाले इस गुड्स शेड पर 17 जुलाई को पहली रेक पहुंची।

बारामूला-संगलदान रेलखंड पर स्थित पंपोर गुड्स शेड कश्मीर घाटी का अनंतनाग के बाद दूसरा गुड्स शेड है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार पहली रेक के सफल संचालन से यह स्पष्ट हो गया है कि पंपोर अब घाटी में माल परिवहन और लॉजिस्टिक्स का नया केंद्र बनने के लिए तैयार है।

पहली रेक में अंबाला मंडल के भारतगढ़ और कीरतपुर साहिब से 21 बीसीएन वैगनों के माध्यम से अल्ट्राटेक, एसीसी और अंबुजा सीमेंट की खेप पहुंची। इस गुड्स शेड पर प्रतिदिन सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक माल की बुकिंग और हैंडलिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

रेलवे का कहना है कि पंपोर गुड्स शेड शुरू होने से घाटी के फल उत्पादकों, किसानों और सीमेंट व निर्माण सामग्री के व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें माल भेजने और मंगाने के लिए अनंतनाग अथवा अन्य दूरस्थ केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे समय और परिवहन लागत दोनों में कमी आएगी।

रेलवे के अनुसार इस सुविधा से स्थानीय स्तर पर लोडिंग-अनलोडिंग, परिवहन, पैकेजिंग और अन्य सहायक गतिविधियों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। साथ ही अनंतनाग गुड्स शेड पर दबाव कम होगा और माल की आवाजाही अधिक तेज एवं सुचारु हो सकेगी।

उत्तरी रेलवे का मानना है कि बेहतर रेल माल परिवहन व्यवस्था से जम्मू-कश्मीर में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा रेलवे के राजस्व में वृद्धि होगी। रेलवे प्रशासन ने व्यापारिक संगठनों, उद्योगों और आम लोगों से पंपोर गुड्स शेड की सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने की अपील करते हुए मेक इन कश्मीर अभियान को गति देने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story