कर्नाटक के सियासी फेरबदल के बीच मध्य प्रदेश के नागदा पहुंचे राज्यपाल गहलोत

WhatsApp Channel Join Now
कर्नाटक के सियासी फेरबदल के बीच मध्य प्रदेश के नागदा पहुंचे राज्यपाल गहलोत


कर्नाटक के सियासी फेरबदल के बीच मध्य प्रदेश के नागदा पहुंचे राज्यपाल गहलोत


- पत्नी की अचानक बिगड़ गई थी तबीयत

उज्जैन/नागदा, 28 मई (हि.स.)। कर्नाटक की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर नेतृत्व परिवर्तन के बीच राज्य के राज्यपाल थावरचंद गहलोत अचानक गुरुवार को मुंबई से सीधे मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचे। वे यहां जिले में स्थित अपने गृह नगर नागदा पहुंच गए हैं।

दरअसल, राज्यपाल की पत्नी अनीता गहलोत की तबीयत अचानक बेहद खराब हो गई थी और उनका ब्लड प्रेशर (रक्तचाप) काफी बढ़ गया था। इस पारिवारिक आपातकाल की सूचना मिलते ही राज्यपाल अपना मुंबई दौरा बीच में ही छोड़कर गुरुवार को नागदा स्थित अपने निवास पहुंचे। शुरुआत में अनीता गहलोत को नागदा के निजी अस्पताल चौधरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज किया। स्थिति में सुधार होने के बाद अब उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है और फिलहाल वे अपने घर पर ही डॉक्टरों की निगरानी में हैं। राज्यपाल के गृह नगर आगमन की खबर के बाद से ही उनके नागदा निवास के बाहर मीडिया और स्थानीय प्रशासन का जमावड़ा लगा हुआ है, हालांकि वे यहां कब तक रुकेंगे, इस बारे में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

जिस वक्त राज्यपाल गहलोत अपनी पत्नी की सेहत के चलते नागदा में हैं, ठीक उसी समय कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सत्ता के गलियारों में बड़ा उलटफेर हो गया। सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। इस बड़े फेरबदल के बीच राज्यपाल का अनुपस्थित होना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। हालांकि उनका नागदा आना पारिवारिक कारणों से जुड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story