(अपडेट) दिल्ली की यमुना में चलने वाले क्रूज का मंत्री कपिल मिश्रा ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) दिल्ली की यमुना में चलने वाले क्रूज का मंत्री कपिल मिश्रा ने किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 12 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने आज नवी मुंबई में निर्माणाधीन क्रूज का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने जानकारी दी कि यह क्रूज शीघ्र ही दिल्ली की यमुना नदी में संचालित किया जाएगा। क्रूज का निर्माण कार्य लगभग अंतिम चरण में है और इसे 20 जनवरी को नवी मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा। यह क्रूज 4–5 दिनों में दिल्ली पहुंच जाएगा।

कपिल मिश्रा ने बताया कि दिल्ली पहुंचने के बाद क्रूज़ में इंजन फिट किया जाएगा और फरवरी माह में मुख्यमंत्री द्वारा इसे दिल्ली की जनता को समर्पित किया जाएगा। यह क्रूज यमुना नदी में वजीराबाद से सोनिया विहार की ओर अपस्ट्रीम दिशा में संचालित होगा। यह एक घंटे की राउंड ट्रिप होगी, जिसमें एक समय में लगभग 40 लोग यात्रा कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इस क्रूज के माध्यम से दिल्लीवासियों को किफायती दामों पर एक शानदार और लग्जरी अनुभव मिलेगा। क्रूज में भोजन, मनोरंजन और संगीत की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शुरुआत में व्यक्तिगत एवं समूह पैकेज दोनों की व्यवस्था की जाएगी।

कपिल मिश्रा ने यह भी बताया कि जिस स्थान से क्रूज का संचालन होगा, वहां वॉटर स्पोर्ट्स हब और मनोरंजन गतिविधियों का एक विशेष ज़ोन भी विकसित किया जाएगा। यह परियोजना लंबे समय से दिल्लीवासियों की अपेक्षा रही है, जिसे अब साकार किया जा रहा है।

दिल्ली सरकार का यह कदम यमुना के सौंदर्यीकरण, पर्यटन को बढ़ावा देने और राजधानी में नई मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story