छत्तीसगढ़ के कांकेर के पहाड़ी क्षेत्र से तीन टिफिन बम बरामद, मौके पर निष्क्रिय किए गए
कांकेर, 03 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य के कांकेर ज़िले में लगातार चल रही सुरक्षा मुहिम के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों ने बुधवार को बड़ा सफलता हासिल की। थाना छोटेबेठिया के ग्राम हिदुर के पहाड़ी क्षेत्र से तीन टीफिन बम बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही सुरक्षित ढंग से निष्क्रिय कर दिया गया।
कांकेर पुलिस एवं सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) तथा बम निरोधक दस्ते (आईईडी/बीडीटी) की संयुक्त टीम ने आज तलाशी अभियान के दौरान तीन टीफिन बम बरामद किए। प्रत्येक टीफिन बम लगभग 3-3 किलोग्राम वजनी था और सभी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया। कोई हताहत या संपत्ति को नुकसान की सूचना नहीं है।
कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा ने बताया कि यह संयुक्त अभियान नक्सल प्रभावित सीमावर्ती इलाकों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से निरंतर चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सघन तलाशी और सुरक्षा चेक-पॉइंट्स भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारियों ने नागरिकों से सहयोग और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने का आग्रह किया ताकि ऐसी किसी भी खतरनाक सामग्री का समय पर पता लगाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

