कनीमोझी का लोकसभा अध्यक्ष को पत्र, डीएमके सांसदों को कांग्रेस से अलग बिठाने का अनुरोध

WhatsApp Channel Join Now
कनीमोझी का लोकसभा अध्यक्ष को पत्र, डीएमके सांसदों को कांग्रेस से अलग बिठाने का अनुरोध


नई दिल्ली, 08 मई (हि.स.)। द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके) की सांसद कनिमोझी करुणानिधि ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर सदन में डीएमके सांसदों के बैठने की अलग व्यवस्था करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और कांग्रेस के साथ गठबंधन समाप्त होने के बाद डीएमके सांसदों का कांग्रेस सदस्यों के साथ बैठना उचित नहीं है। पार्टी सांसदों को स्वतंत्र रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए अलग स्थान मिलना चाहिए।

कनिमोझी ने अपने पत्र में लिखा कि बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए अब डीएमके सांसदों का कांग्रेस सदस्यों के साथ बैठना उपयुक्त नहीं है। उन्होंने स्पीकर से आग्रह किया कि डीएमके संसदीय दल के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की जाए, ताकि पार्टी के सांसद लोकसभा में अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर और प्रभावी ढंग से निभा सकें।

हाल ही में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में राज्य की कुल 234 सीटों में से फिल्म अभिनेता थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी। लेकिन सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 सीटों के आंकड़े से 10 सीटें फिलहाल दूर है। ऐसे में राज्य में डीएमके के साथ गठबंधन के तहत चुनाव लड़ी कांग्रेस ने डीएमके के साथ गठबंधन तोड़ते हुए अपने कुल 5 सीटों का समर्थन टीवीके को दे दिया। इससे डीएमके नाराज है।

टीवीके के बाद राज्य में डीएमके दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है जिसने 59 और एआईडीएमके ने 47 सीटें जीतीं हैं। एआईडीएमके के साथ गठबंधन में लड़ी भारतीय जनता पार्टी राज्य में पहली बार खाता खोलने में सफल हुई है और उसे 1 सीट पर जीत मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story