स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत उत्तर रेलवे में कबाड़ से जुगाड़ एवं कबाड़ से कला थीम का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत उत्तर रेलवे में कबाड़ से जुगाड़ एवं कबाड़ से कला थीम का आयोजन


नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तर रेलवे की विभिन्न इकाइयों ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बुधवार को कबाड़ से जुगाड़ एवं कबाड़ से कला कार्यक्रम आयोजित किया।

इस रचनात्मक पहल के तहत रेलवे कर्मचारियों ने अपनी प्रतिभा और टीम भावना का परिचय देते हुए बेकार व अनुपयोगी सामग्री से आकर्षक कलाकृतियां तैयार की। आलमबाग डीजल शेड तथा इलेक्ट्रिक लोको शेड, लुधियाना: रेलकर्मियों द्वारा दरियाई घोड़ा, घड़ी व इस प्रकार की कई सुंदर कलाकृतियों का निर्माण।

वहीं, डीजल शेड, तुगलकाबाद तथा इलेक्ट्रिक लोको शेड, गाजियाबाद: रेलकर्मियों द्वारा फूलदान व इस प्रकार की अन्य आकर्षक कलाकृति का निर्माण।

उत्तर रेलवे के अनुसार, कबाड़ से जुगाड़ एवं कबाड़ से कला का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों में पर्यावरण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और 'वेस्ट टू आर्ट' की अवधारणा को प्रोत्साहित करना है। यह प्रयास यह संदेश देता है कि सही सोच, नवाचार और रचनात्मकता के माध्यम से अनुपयोगी व व्यर्थ समझे जाने वाले सामान का भी सार्थक उपयोग किया जा सकता है।

रेलवे ने बताया कि इन कलाकृतियों के माध्यम से न केवल कबाड़ को आकर्षक रूप दिया गया है बल्कि पुनः उपयोग, पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के इष्टतम उपयोग का सशक्त संदेश भी दिया गया है। विभिन्न अनुभागों के कर्मचारियों ने अपने निरंतर कौशल, समर्पण और उत्कृष्ट टीम भावना के साथ इन कृतियों को साकार किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story