उपराष्ट्रपति व अन्य ने ज्योतिराव फुले को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
उपराष्ट्रपति व अन्य ने ज्योतिराव फुले को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने शनिवार को समाज सुधारक ज्योतिराव फुले की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि ज्योतिराव फुले का पूरा जीवन सामाजिक समानता, न्याय और शिक्षा के लिए समर्पित था। महिला शिक्षा के अग्रदूत और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने वाले महात्मा फुले का, एक समावेशी और समतामूलक समाज बनाने का अटूट संकल्प आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करता है। एक न्यायपूर्ण और प्रगतिशील भारत के निर्माण की हमारी सामूहिक यात्रा में, उनके आदर्श आज भी हमारा मार्गदर्शन करते हैं।

लोकसभा अध्य़क्ष ओम बिरला ने कहा कि ज्योतिराव फुले ने अपना पूरा जीवन सामाजिक समानता, शिक्षा और मानवीय गरिमा के लिए समर्पित कर दिया था। महात्मा फुले ने अपने समय में व्याप्त जातिगत भेदभाव, छुआछूत, अशिक्षा और लैंगिक असमानता जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाई ऐसे दौर में, जब इन गहरी जड़ों वाली कुरीतियों को चुनौती देने के लिए भी बहुत साहस की आवश्यकता होती थी। सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर, उन्होंने 1848 में पुणे में लड़कियों के लिए एक स्कूल की स्थापना की, जो समाज के वंचित वर्गों तक शिक्षा पहुंचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक प्रयास था। महात्मा ज्योतिबा फुले का मानना था कि शिक्षा वह प्रकाश है जो अज्ञानता, अन्याय और सामाजिक असमानता के अंधेरे को दूर कर सकती है। उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारें।

केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ज्योतिराव फुले ने अपना जीवन समानता, शिक्षा और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित कर दिया। समाज से भेदभाव मिटाने और महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों ने भारतीय समाज में एक नई चेतना जगाई। उनके विचार और समाज सुधार के प्रयास आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि महात्मा फुले का दृढ़ विश्वास था कि समाज में बदलाव और प्रगति लाने के लिए शिक्षा सबसे सशक्त माध्यम है। लड़कियों के लिए स्कूल खोलकर उन्होंने महिला शिक्षा की मजबूत नींव रखी, और 'सत्यशोधक समाज' की स्थापना करके उन्होंने सद्भाव और समानता का मार्ग दिखाया। उनका जीवन और उनके विचार हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा के निरंतर स्रोत बने हुए हैं।

संसदीय एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि शिक्षा के प्रसार, महिलाओं के सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने और वंचित समुदायों के उत्थान के लिए समर्पित महात्मा फुले का जीवन और उनके विचार,सभी को सामाजिक बुराइयों और भेदभाव के खिलाफ लड़ने तथा समानता, शिक्षा एवं सद्भाव के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते रहते हैं।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं की गरिमा, शिक्षा और सामाजिक समानता के लिए समर्पित महात्मा फुले का जीवन, देश के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784546 Articles

Share this story