जस्टिस पुष्पेंद्र सिंह भाटी ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में ली शपथ

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 09 सितंबर (हि.स.)। न्यायमूर्ति पुष्पेंद्र सिंह भाटी ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। न्यायमूर्ति भाटी को लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने पद की शपथ दिलाई, जो वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल का कार्यभार भी संभाल रहे हैं। केंद्र सरकार ने 5 सितंबर को न्यायमूर्ति भाटी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की अधिसूचना जारी की थी।

सर्वोच्च न्यायालय की कॉलेजियम ने अगस्त में राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में कार्यरत न्यायमूर्ति भाटी के नाम की सिफारिश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में की थी। इससे पहले न्यायमूर्ति भाटी ने जोधपुर स्थित राजस्थान उच्च न्यायालय में मुख्य रूप से सेवा कानूनों, जनहित याचिका, चुनाव, राजस्व, खनन, शिक्षा, पंचायती राज, परिवार, आपराधिक और विविध मामलों से संबंधित रिट क्षेत्राधिकार में वकालत की। वे 13 अक्टूबर 2008 से 29 दिसंबर 2008 तक और 06 जनवरी 2014 से पदोन्नति तक राजस्थान उच्च न्यायालय में अतिरिक्त महाधिवक्ता रहे।

वे केंद्रीय विद्यालय संगठन, तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम, श्रम विभाग (राजस्थान सरकार), आयुर्वेद विभाग (राजस्थान सरकार) के पैनल वकील रहे। उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक, जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर और कई अन्य संस्थाओं का प्रतिनिधित्व किया। वे 16 वर्षों तक भारतीय रेलवे के स्थायी वकील भी रहे। उन्हें 16 नवंबर, 2016 को राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story