इतिहास के पन्नों में 11 जुलाईः लोकल ट्रेनों में बम धमाकों से दहल गई मुंबई, 189 की मौत

WhatsApp Channel Join Now
इतिहास के पन्नों में 11 जुलाईः लोकल ट्रेनों में बम धमाकों से दहल गई मुंबई, 189 की मौत


इतिहास के पन्नों में 11 जुलाईः लोकल ट्रेनों में बम धमाकों से दहल गई मुंबई, 189 की मौत


देश-दुनिया के इतिहास में 11 जुलाई की तारीख कई अच्छे-बुरे इतिहास को समेटे है। यह तारीख भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई को दहला चुकी है। साल 2006 की 11 जुलाई की शाम लाखों नौकरीपेशा लोग काम खत्म कर लोकल ट्रेनों से घर लौट रहे थे। अचानक 6 बजकर 20 मिनट पर चर्चगेट से बोरीवली जाने वाली ट्रेन में खार और सांता क्रूज के बीच बम धमाका हुआ।

कुछ ही देर में अलग-अलग ट्रेनों में धमाके की खबर आने लगी। अगले कुछ ही मिनटों में सात बम धमाके हुए। 189 लोग मारे गए और करीब 800 जख्मी हुए। ये सभी विस्फोट मुंबई की लोकल ट्रेनों के प्रथम श्रेणी के डिब्बों में हुए थे। खार, बांद्रा, जोगेश्वरी, माहिम, बोरीवली, माटुंगा और मीरा-भायंदर रेलवे स्टेशनों के पास हुए इन धमाकों की जांच में खुलासा हुआ कि ट्रेनों में लगाए गए बम आरडीएक्स, अमोनियम नाइट्रेट और फ्यूल ऑइल से बनाए गए। नुकसान ज्यादा हो इसलिए इन बमों में कील भी डाली गई। सभी बमों को प्रेशर कुकर में लगाकर टाइमर के जरिए उड़ाया गया था।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1922 - हॉलीवुड बाउल की शुरुआत।

1979 - अमेरिकी अंतरिक्ष प्रयोगशाला स्काईलैब विखंडित होकर आस्ट्रिया के पश्चिमी तट के समीप समुद्र में गिरी।

2002 - चांग शांग दक्षिण कोरिया की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं।

2003 - लाहौर में 'दोस्ती बस' और दिल्ली से 'सदा-ए-सरहद' बस का परिचालन ।

2004 - एचआईवी-एड्स पर एशियाई मंत्रियों का सम्मेलन बैंकॉक में।

2004 - पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हास्यास्पद चुनाव।

2007 - चर्चित चित्रकार एमएफ हुसैन ने न्यूयार्क की कला प्रदर्शनी में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।

2008 - पाकिस्तान के वजीरिस्तान प्रांत में हुए अमेरिकी हवाई हमले में 11 लोग घायल।

जन्म

1899- राजस्थान के द्वितीय मुख्यमंत्री सीएस वेंकटाचार।

1902 - भारत के प्रथम रक्षामंत्री सरदार बलदेव सिंह।

1956 - अंग्रेजी भाषा के साहित्यकार अमिताभ घोष।

1857 - भारतीय न्यायाधीश एवं राजनेता सी. शंकरन नायर।

निधन

1912 - प्रसिद्ध फ्रांसीसी नेत्र रोग विशेषज्ञ फर्डिनांड मोनोयेर।

1957 - शिया निजारी इस्माइली मत के आध्यात्मिक नेता आगा खान (तृतीय)।

2003 - भारतीय लेखक भीष्म साहनी।

2011 - परमवीर चक्र से सम्मानित सेकेंड लेफ्टिनेंट रामा राघोबा राणे।

महत्वपूर्ण अवसर

-विश्व जनसंख्या दिवस।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story