तिरंगा अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए देशभक्ति जरूरी: जेपी नड्डा

WhatsApp Channel Join Now
तिरंगा अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए देशभक्ति जरूरी: जेपी नड्डा


नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीयमंत्री जेपी नड्डा ने तिरंगा यात्रा और तिरंगा अभियान को देशभर में चल रहे जनभागीदारी के अभियान के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त से शुरू हुआ तिरंगा यात्रा और तिरंगा अभियान 15 अगस्त तक जारी रहेगा। इसके तहत देश के शहरों से लेकर गांवों तक तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं और लोग उत्साह के साथ इसमें भाग ले रहे हैं।

नड्डा ने कहा कि जब देश ने आजादी के 75 वर्ष पूरे किए, तब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2022 में आह्वान किया था कि तिरंगा अभियान केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन आंदोलन बनना चाहिए। इसके बाद देशभर में करोड़ों घरों पर तिरंगा फहराया गया और लोगों ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी की। केंद्रीयमंत्री ने बताया कि उन्होंने भी आज अपने आवास पर परिवार के साथ तिरंगा फहराया। उन्होंने इसे अपने लिए सौभाग्य का अवसर बताते हुए कहा कि तिरंगा देश की एकता, गौरव और राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है।

नड्डा ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना जरूरी है। उन्होंने लोगों से तिरंगा अभियान से जुड़ने और देश के विकास के संकल्प को मजबूत करने की अपील की। उनके मुताबिक, देशभक्ति की भावना और सामूहिक प्रयासों के जरिए भारत को आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Share this story