जेपी नड्डा का नवनियुक्त पदाधिकारियों से भाजपा को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने का आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
जेपी नड्डा का नवनियुक्त पदाधिकारियों से भाजपा को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने का आह्वान


जेपी नड्डा का नवनियुक्त पदाधिकारियों से भाजपा को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने का आह्वान


जेपी नड्डा का नवनियुक्त पदाधिकारियों से भाजपा को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने का आह्वान


पटना, 25 जून (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता जगत प्रकाश नड्डा ने गुरुवार को बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति, जनसंपर्क अभियान और पार्टी विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान नड्डा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को और अधिक सशक्त, सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को सामूहिक प्रयास करने होंगे।

अपने संबोधन में नड्डा ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला एक सशक्त संगठन है। पार्टी की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर तक फैले मजबूत संगठनात्मक ढांचे में निहित है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी का दायित्व है कि वह अपने क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाए तथा पार्टी की विचारधारा, नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाए।

उन्होंने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार और बिहार सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकासोन्मुख योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। नड्डा ने कहा कि जनता को सरकारी योजनाओं की सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराना संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए पदाधिकारियों को लगातार जनसंपर्क बनाए रखना चाहिए और सरकार की उपलब्धियों को सकारात्मक एवं प्रभावी तरीके से जनता के बीच रखना चाहिए।

नड्डा ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल बैठकों और कार्यक्रमों से नहीं, बल्कि जनता के बीच निरंतर उपस्थिति और संवाद से सुनिश्चित होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से समाज के सभी वर्गों तक पहुंच बनाने तथा पार्टी के जनाधार को और मजबूत करने की दिशा में सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन, संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा भाजपा के विस्तार अभियान को गति देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। नड्डा ने सभी पदाधिकारियों से पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ संगठनात्मक कार्यों में जुटने का आग्रह किया।

बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया तथा सांसद संजय जायसवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story