केंद्रीय स्वास्थ्य परिषद की 16वीं बैठक 29 जून को, नड्डा करेंगे अध्यक्षता

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय स्वास्थ्य परिषद की 16वीं बैठक 29 जून को, नड्डा करेंगे अध्यक्षता


नई दिल्ली, 27 जून (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय 29 जून को विज्ञान भवन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिषद (सीसीएचएफडब्ल्यू) की 16वीं बैठक आयोजित करेगा। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा करेंगे। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और प्रतापराव जाधव भी मौजूद रहेंगे।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को जानकारी दी कि बैठक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, सांसद, केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, गैर-सरकारी सदस्य तथा स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य स्वास्थ्य क्षेत्र में केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय को मजबूत करना तथा अहम नीतिगत मुद्दों पर व्यापक चर्चा करना है।

सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के एसडीजी लक्ष्य एवं प्राथमिकताएं, खाद्य एवं औषधि सुधार तथा सहायक स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विषयों पर मंथन होगा। साथ ही विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, राज्यों की बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने, नई चुनौतियों की पहचान करने और देशभर में स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए साझा रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिषद का गठन संविधान के अनुच्छेद 263 के तहत किया गया है। यह परिषद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सर्वोच्च सलाहकार संस्था है, जो चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य से संबंधित नीतियों और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा कर राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

यह सम्मेलन स्वास्थ्य क्षेत्र में सहकारी संघवाद को मजबूत करने और केंद्र-राज्य के बीच बेहतर तालमेल के माध्यम से जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story