जेपी नड्डा का ममता सरकार पर हमला, बोले– घुसपैठियों के कारण बंगाल के मूल निवासी हो जाएंगे अल्पसंख्यक

WhatsApp Channel Join Now
जेपी नड्डा का ममता सरकार पर हमला, बोले– घुसपैठियों के कारण बंगाल के मूल निवासी हो जाएंगे अल्पसंख्यक


कोलकाता, 01 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक सरगर्मी के बीच केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने रविवार को ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार घुसपैठियों की मदद कर रही है, जिसके कारण पश्चिम बंगाल के मूल निवासी भविष्य में अल्पसंख्यक बन सकते हैं।

नदिया जिले के कृष्णानगर में भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ को हरी झंडी दिखाने के दौरान आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) राज्य को “घुसपैठियों का हब” बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और टीएमसी का मतलब “टेरर, मुस्लिम तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार” बन गया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने यह भी कहा कि ममता बनर्जी सरकार ने राज्य में आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं होने दी, जिससे लगभग 40 लाख परिवारों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज से वंचित रहना पड़ा।

उन्होंने दावा किया कि यदि भाजपा बंगाल में सत्ता में आती है, तो आयुष्मान भारत योजना को तुरंत लागू किया जाएगा और लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

भाजपा की परिवर्तन यात्रा के जरिए पार्टी आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए राज्य में जनसमर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है।

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि इस बार भारतीय जनता पार्टी निश्चित तौर पर पश्चिम बंगाल में सत्ता पर कब्जा करेगी। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोग ममता बनर्जी के कुशासन से त्रस्त हैं और विकल्प के तौर पर भाजपा को देख रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार लोगों की पहली पसंद भाजपा है और ममता बनर्जी को हर हाल में वोट के चोट के जरिए सत्ता से बाहर करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story