मेडिकल ट्रैवल इकोसिस्टम होगा मजबूत, अंतर-मंत्रालयी और नियामक समन्वय पर रहेगा जोर: जेपी नड्डा

WhatsApp Channel Join Now
मेडिकल ट्रैवल इकोसिस्टम होगा मजबूत, अंतर-मंत्रालयी और नियामक समन्वय पर रहेगा जोर: जेपी नड्डा


नई दिल्ली, 23 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को कहा कि मेडिकल ट्रैवल केवल आर्थिक अवसर नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग और विश्वास निर्माण का माध्यम भी है। मेडिकल वैल्यू ट्रैवल इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए सरकार अंतर-मंत्रालयी और नियामक समन्वय बढ़ा रही है।

सोमवार को ‘एडवांटेज हेल्थ केयर– इंडिया 2026’ के 8वें संस्करण को वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए कहा जेपी नड्डा ने कहा कि यह आयोजन सहयोग के नए क्षेत्रों का पता लगाने और वैश्विक स्वास्थ्य सेवा गतिशीलता के भविष्य को सामूहिक रूप से आकार देने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और हितधारकों को सक्रिय रूप से भाग लेने, सार्थक सहयोग स्थापित करने और एक विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवा भागीदार के रूप में भारत द्वारा प्रदान की जाने वाली विशाल क्षमता का पता लगाने के लिए प्रोत्साहित किया।

फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक मजबूत, गुणवत्तापूर्ण और वैश्विक मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य प्रणाली के निर्माण की दिशा में व्यापक सुधार कर रहा है। मेडिकल वैल्यू ट्रैवल भारत की क्लिनिकल उत्कृष्टता, अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों और मरीज-केंद्रित देखभाल का प्रतीक है। भारत के कुशल डॉक्टर, आधुनिक अस्पताल और डिजिटल हेल्थ तकनीकें कार्डियोलॉजी, कैंसर उपचार, अंग प्रत्यारोपण, ऑर्थोपेडिक्स और न्यूरोसाइंसेज जैसे क्षेत्रों में विश्वस्तरीय सेवाएं दे रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सरकार विभिन्न मंत्रालयों, नियामक संस्थाओं और राज्य सरकारों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर मेडिकल ट्रैवल इकोसिस्टम को मजबूत बना रही है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक चिकित्सा और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का समन्वय भारत की समग्र स्वास्थ्य दृष्टि को दर्शाता है।

कार्यक्रम के अंत में भारत की स्वास्थ्य क्षमताओं को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। आयोजन का उद्देश्य भारत को विश्वसनीय और भरोसेमंद वैश्विक हेल्थकेयर पार्टनर के रूप में और मजबूत करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story