जम्मू-कश्मीर: बिलावर में फिर संदिग्ध हलचल, सुरक्षाबल सतर्क
किश्तवाड़, 24 जनवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के जिला कठुआ के पहाड़ी क्षेत्र बिलावर में शनिवार को स्थानीय ग्रामीणों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा है। उसने हथियार ले रखा था। ग्रामीणों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस और सुरक्षाबल मौके पर पहुंचकर व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार सुरक्षा बल संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चला रहे हैं और इलाके पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
इससे पहले शुक्रवार को बिलवार में ही जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के आतंकवादी उस्मान उर्फ अबू माविया को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में मार गिराया था। वह काफी समय से कठुआ और उधमपुर जिलों के पहाड़ों में सक्रिय था।
अधिकारियों ने बताया था कि मारे गए आतंकवादी के पास से बरामद एम4 राइफल से पुष्टि हुई है कि वह कमांडर रैंक का था। उन्होंने बताया कि बिलवार के जंगलों में विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चला रहे सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि आतंकवादियों के पास भोजन की कमी हो रही है और उनका कमांडर परहेतर गांव में पका हुआ राशन लेने आएगा। इसके मद्देनजर इलाके में गुप्त घेराबंदी कर दी गई थी। जैसे ही आतंकवादी नीचे उतरा और एक घर में घुसा सुरक्षाकर्मियों ने उसे घेर लिया। आतंकवादी ने अपनी एम4 राइफल से गोलीबारी शुरू कर दी लेकिन सुरक्षाबलों की जवाबी गोलीबारी में वह मारा गया।
जम्मू रेंज के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन तुती ने बताया कि बिलवार में एक संयुक्त अभियान के दौरान आतंकवादी को मार गिराया गया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में बताया था, बिलवार के इलाके में सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ संयुक्त अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस (जेकेपी) की एक छोटी टीम ने एक पाकिस्तानी जैश आतंकवादी को मार गिराया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

