पंजाब में हुए दोहरे ब्लास्ट के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 07 मई (हि.स.)। पंजाब के जालंधर और अमृतसर में हुए दोहरे ब्लास्ट के बाद पूरे उत्तर भारत में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। सीमावर्ती राज्य जम्मू-कश्मीर में भी सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है। खुफिया एजेंसियों ने संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

इसी बीच ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ के मौके पर जम्मू में जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। शहर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुपकमांडो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं और कई इलाकों में वाहन जांच, पहचान सत्यापन और डोमिनेशन पेट्रोलिंग को तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां खास तौर पर भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों, बस अड्डों और प्रवेश मार्गों पर निगरानी रख रही हैं।

शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगाए गए कैमरों और अन्य सर्विलांस सिस्टम के जरिए चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध मूवमेंट पर तुरंत कार्रवाई हो सके। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार पंजाब में हुए दोहरे ब्लास्ट के बाद सीमा पार से ड्रोन गतिविधियों और संदिग्ध मूवमेंट पर भी सुरक्षा एजेंसियां विशेष नजर रख रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story