अयातुल्ला खामेनेई को अंतिम श्रद्धांजलि देने ईरान जाएंगी महबूबा मुफ्ती
श्रीनगर, 02 जुलाई (हि.स.)। जम्मू कश्मीर की पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए तेहरान जाएंगी।
ईरान के सर्वोच्च नेता के कार्यालय में अंतर्राष्ट्रीय संबंध विभाग के निदेशक मोहसीन कुम्मी ने महबूबा को भारत की विशिष्ट अतिथि के रूप में अंतिम संस्कार समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया है।
पीडीपी अध्यक्ष ने कहा, ईरान से यह निमंत्रण प्राप्त करना मेरे लिए अत्यंत सम्मान की बात है और जीवन में एक बार मिलने वाला अवसर है। मैं सर्वोच्च नेता को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए वहां जाऊंगी।
निमंत्रण पत्र में कहा गया है, ग्रैंड आयतुल्लाह सैयद अली खामेनेई का 28 फरवरी को कत्ल कर दिया गया था और राष्ट्रीय शोक की अवधि और इस्लामी गणराज्य के प्रोटोकॉल के अनुसार 3 से 6 जुलाई तक तेहरान में राजकीय अंतिम संस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा।
महबूबा को संबोधित पत्र में लिखा है, ईरान और भारत गणराज्य के बीच मौजूद गहरे ऐतिहासिक और रणनीतिक संबंधों को देखते हुए भारतीय राष्ट्र के एक विशिष्ट अतिथि के रूप में आपको इस समारोह में आमंत्रित करना मेरे लिए अत्यंत सम्मान की बात है। आपकी उपस्थिति हमारी दो महान प्राचीन सभ्यताओं के बीच गहरी मित्रता और आपसी सम्मान का प्रमाण होगी।
कार्यक्रम के अनुसार नेता को अंतिम विदाई 3 जुलाई को तेहरान के इमाम खुमैनी ग्रैंड मोसल्ला कॉम्प्लेक्स में दी जाएगी जिसके बाद अगले दिन श्रद्धांजलि सभा और 6 जुलाई को अंतिम संस्कार जुलूस निकाला जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

