अनंतनाग आतंकी हमले के बाद कश्मीर में 1,000 से ज्यादा ओजीडब्लू हिरासत में लिए गए

WhatsApp Channel Join Now

अनंतनाग, 22 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग ज़िले में बुधवार को आतंकी हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत के बाद सुरक्षाबलों ने कश्मीर घाटी भर से 1,000 से ज़्यादा ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्लू) को हिरासत में लिया है।

अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन की आज दोपहर करीब 12:30 बजे अनंतनाग के लाल चौक पर एक आतंकवादी ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमले के बाद सुरक्षाबलों ने हमलावर का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया और पूरे अनंतनाग शहर की घेराबंदी कर दी। हमले के बाद सुरक्षाबलों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर पूरी घाटी में छापेमारी शुरू की। उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान 1,000 से ज़्यादा ओजीडब्लू (आतंकी सहयोगी) को हिरासत में लिया गया है। साथ ही अनंतनाग ज़िले सहित कई जगहों पर तलाशी अभियान तेज़ कर दिए गए हैं।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हमले की निंदा करते हुए इसे कायरतापूर्ण हरकत बताया और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात और आईजीपी कश्मीर वीके बिरदी ने खुद घटनास्थल का दौरा किया और सुरक्षा स्थिति का जायज़ा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story