(अपडेट) आतंकी घटना में पुलिसकर्मी की हत्या के अगले दिन अनंतनाग में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों के घर तोड़े गए, पूरे कश्मीर में हाई अलर्ट, तलाशी अभियान जारी

WhatsApp Channel Join Now

अनंतनाग, 23 जुलाई (हि.स.)। बुधवार को आतंकी घटना में पुलिसकर्मी की हत्या के अगले दिन आज गुरुवार को अनंतनाग में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों के घर तोड़े गए और पूरे कश्मीर में हाई अलर्ट जारी है। अनंतनाग सहित पूरे कश्मीर में लगभग 2500 के करीब आतंकियों के सहयोगियों को हिरासत में लिया गया है। इस दौरान पूरे कश्मीर में आतंकियों की धरपकड़ के लिए तलाशी भी अभियान जारी है।

गुरुवार को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में लश्कर-ए-तैयबा (एल ई टी) के दो आतंकवादियो के घर पूरी तरह तोड़ दिये गए। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई बुधवार को अनंतनाग के लाल चौक पर हुई गोलीबारी की घटना में आतंकवादियों द्वारा एक पुलिसकर्मी की हत्या किए जाने के एक दिन बाद की गई।

उन्होंने बताया कि तोड़े गए घर बिजबेहरा के गुरी निवासी आदिल ठोकर और हसनपोरा निवासी हारून गनई के थे। अधिकारियों ने कहा कि यह तोड़फोड़ जिले में आतंकवादियों और उनके सपोर्ट नेटवर्क के खिलाफ चल रही कार्रवाई का हिस्सा थी और आगे भी जारी रहेगी।

इस बीच सीआरपीएफ के श्रीनगर सेक्टर ने कहा कि अनंतनाग में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे कश्मीर में सुरक्षा को हाई अलर्ट पर रखा गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाबलों ने निगरानी बढ़ा दी है, चेकपॉइंट्स को मजबूत किया है और तलाशी अभियान शुरू किए हैं। नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षाबलों का सहयोग करने की अपील की गई है।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा आज श्रीनगर के लोक भवन में सुरक्षा स्थिति और अमरनाथ यात्रा की समीक्षा के लिए एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता भी की है और आतंकी घटना को लेकर सख्त दिशा निर्देश जारी किए हैं।

बतादें कि अनंतनाग के लाल चौक इलाके में आतंकवादियों ने कल दोपहर हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन को बहुत करीब से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी।

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story