जम्मू-कश्मीर के पुंछ व राजौरी में बाढ़ व भूस्खलन के चलते 8 लोगों की मौत, 6 लोग लापता

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू-कश्मीर के पुंछ व राजौरी में बाढ़ व भूस्खलन के चलते 8 लोगों की मौत, 6 लोग लापता

राजौरी, 19 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पुंछ व राजौरी में बाढ़ व भूस्खलन के चलते 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 लापता लोगों की तलाश व बचाव अभियान चलाया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि दो सीमावर्ती ज़िलों में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आई और ज़बरदस्त भूस्खलन हुआ है। इस दौरान मोबाइल टावरों को काफी नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते यहां का नेटवर्क भी बंद हो गया था, जिसे 5 घंटों के बाद बहाल किया गया है, लेकिन बिजली अभी तक बंद है। रात भर हुई लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन और अचानक बाढ़ आ गई, जिससे रिहायशी मकान मलबे में दब गए और कई परिवार मलबे के नीचे फंस गए।

सबसे ज़्यादा तबाही पुंछ जिले के सुराकोट के लोअर मुर्रा इलाके में हुई है। मृतकों की पहचान नूर सफिया (59) पत्नी मोहम्मद लतीफ़, सज्जाद अहमद (16) पुत्र मोहम्मद लतीफ, हकनवाज़ अहमद (10) पुत्र मोहम्मद लतीफ, शाहनवाज़ अहमद (10), पुत्र मोहम्मद लतीफ, खालिदा कौसर (25) पत्नी यासर इकबाल, सोफियान (2) पुत्र यासर इक़बाल, बानो बी (60) पत्नी मोहम्मद हुसैन, मोहम्मद अकरम (7) पुत्र मोहम्मद लियाकत के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस, एसडीआरएफ, नागरिक प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवकों की बचाव टीमें उन छह लोगों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चला रही हैं, जो बह गए थे या मलबे के नीचे फंस गए थे और अभी भी लापता हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/बलवान सिंह

Share this story