जीतन राम मांझी केंद्रीय मंत्री बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने बधाई दी

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 09 जून (हि.स.)। नरेन्द्र मोदी ने रविवार की शाम तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इनके साथ-साथ हम पार्टी के संरक्षक जीतनराम मांझी और जदयू के सांसद को केंद्रीय मंत्री बनाए जाने की खुशी में आज पटना में जमकर आतिशबाजी की गयी। जीतनराम मांझी को केंद्रीय मंत्री बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है। पीएम मोदी के साथ जीतनराम मांझी की फोटो लगा बैनर लेकर हम कार्यकर्ता पटना की सड़कों पर दिखे। बैनर में सलामत रहे दोस्ताना हमारा लिखा गया है। गया निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीतने वाले जीतन राम मांझी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राजद के कुमार सर्वजित को 1,01,812 वोटों से पराजित किया है।

बिहार के पूर्व सीएम जीतन राम मांझी का जन्म 6 अक्टूबर 1944 को गया जिले के खिजरसराय के महकार गांव में रामजीत राम मांझी और सुकरी देवी के घर हुआ था। उनके माता-पिता मुसहर जाति के खेतिहर मजदूर थे। जीतन राम मांझी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही एक शिक्षक से प्राप्त की। फिर उन्होंने मगध विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की। इसके बाद मांझी ने 13 साल तक गया के टेलीफोन एक्सचेंज में भी काम किया।

2014 में लोकसभा चुनाव में जनता दल (यूनाइटेड) के खराब प्रदर्शन के बाद नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने जीतन राम मांझी को बिहार का मुख्यमंत्री नियुक्त किया। मांझी का कार्यकाल विवादों से भरा रहा। वो 20 मई 2014 से 20 फरवरी 2015 तक ही मुख्यमंत्री रहे। लेकिन उन्होंने अपने कार्यकाल में कई अहम फैसले भी लिए, जिनका उद्देश्य समाज के गरीब और पिछड़े तबके को लाभ पहुंचाना था।

जदयू से अलग नई पार्टी का गठन

नीतीश कुमार से मतभेद के चलते जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद उन्होंने अपनी नई पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) की स्थापना मई 2015 में की। पार्टी का उद्देश्य बिहार के दलितों, पिछड़े वर्गों को लाभ पहुंचाना है। इससे पहले जीतन राम मांझी ने बिहार के कई सीएम के साथ काम किया और कई बार विभिन्न मंत्री पद पर भी रहे। इस बार वो पहली बार लोकसभा का चुनाव जीते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ गोविन्द/प्रभात

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story