आईआईटीएफ में झारखंड दिवस का आयोजन, 42 स्टॉलों में दिखी राज्य की कला-संस्कृति और उद्यमिता की झलक

WhatsApp Channel Join Now
आईआईटीएफ में झारखंड दिवस का आयोजन, 42 स्टॉलों में दिखी राज्य की कला-संस्कृति और उद्यमिता की झलक


आईआईटीएफ में झारखंड दिवस का आयोजन, 42 स्टॉलों में दिखी राज्य की कला-संस्कृति और उद्यमिता की झलक


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ)-2026 में मंगलवार को भारत मंडपम स्थित झारखंड पवेलियन में झारखंड दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान राज्य की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और उद्यमिता की झलक देखने को मिली। पवेलियन में लगाए गए 42 स्टॉलों के माध्यम से झारखंड के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक कलाओं और स्वयं सहायता समूहों के कार्यों को प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम और उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने झारखंड पवेलियन के 24 स्टॉलों और पलाश मार्ट के 18 स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की सराहना की।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य की पहचान केवल खनिज संपदा और खनन तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं उभर रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में झारखंड उद्योग, स्वास्थ्य और आर्थिक विकास के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा।

उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि राज्य सरकार लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने और स्थानीय उद्यमिता को मजबूत बनाने के लिए नई नीतियों पर काम कर रही है। इसका उद्देश्य रोजगार के नए अवसर पैदा करना और स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि सरकार मोती की खेती को भी प्रोत्साहित कर रही है और इसके विस्तार के लिए नई नीति लागू करने की योजना बना रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।

कार्यक्रम के दौरान नाट्यशाला थिएटर में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में झारखंड के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां दीं। प्रभात कुमार महतो और उनकी टीम ने मानवभूम छऊ नृत्य शैली में 'महिषासुर मर्दिनी' का मंचन किया। वहीं लक्ष्मीनाथ महतो की टीम ने नागपुरी डमकच, सुखराम पाहन की टीम ने मुंडारी और विक्रम टुडू की टीम ने संथाली नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अलावा विनोद कुमार महतो के नेतृत्व में जागो जगाओ सांस्कृतिक कला मंच, बोकारो की टीम ने पारंपरिक घोड़ा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया।

इस वर्ष झारखंड पवेलियन में पारंपरिक विरासत और आधुनिक उद्यमिता का संगम देखने को मिल रहा है। यहां पैतकर और सोहराय पेंटिंग जैसी पारंपरिक कलाओं के साथ झारखंड पर्यटन, वन विभाग, मत्स्य निदेशालय, मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड, झारक्राफ्ट, पलाश मार्ट और झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के स्टॉल भी लगाए गए हैं।

व्यापार मेले के माध्यम से झारखंड के स्थानीय उत्पादों को नए बाजारों से जोड़ने और राज्य की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में उद्योग निदेशक विशाल सागर और हस्तशिल्प एवं हथकरघा विभाग की निदेशक प्रीति रानी भी उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782698 Articles

Share this story