देश की लोकतांत्रिक और न्यायिक संरचना को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध : मेघवाल
रांची में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल कई कार्यक्रम में हुए शामिल
रांची, 03 मई (हि.स.)। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल रविवार को रांची दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया और न्यायिक व्यवस्था, महिला सशक्तीकरण और केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से बात की। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक और न्यायिक संरचना को और मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सबसे पहले रांची स्थित आरोग्य भवन में चलंत एकल कंप्यूटर लैब वाहन का उद्घाटन किया। इसके बाद दोपहर एक बजे बरियातू रोड स्थित एक होटल में उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं के सम्मेलन में शामिल हुए। इस सम्मेलन में न्यायिक व्यवस्था की चुनौतियों, सुधारों और अधिवक्ताओं की भूमिका पर चर्चा की गई।
यूनियन ऑफ लॉ ऑफिसर्स की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में केंद्रीय कानून मंत्री ने कहा कि भारत की न्यायिक प्रणाली को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ व्यवस्था बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार न्यायिक सुधारों के लिए लगातार प्रयासरत है और आने वाले समय में इसमें और पारदर्शिता और गति लाने पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी मौजूद रहे। इस अवसर पर नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा गया कि यह विधेयक महिलाओं के राजनीतिक सशक्तीकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। मंत्री ने कहा कि यह सरकार का स्पष्ट वादा है कि 2029 तक महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा, जिससे देश की आधी आबादी को निर्णय प्रक्रिया में उचित भागीदारी मिल सकेगी।
अपने दौरे के अंतिम चरण में केंद्रीय मंत्री सांसद संस्कृति महोत्सव सह स्वदेशी मेला के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और स्थानीय कारीगरों के समर्थन पर बल दिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने पांच राज्यों के आने वाले चुनाव परिणाम पर पूछे गए सवाल का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जनता का निर्णय है और बहुत शानदार फैसला आने वाला है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में फैसला आने वाला है। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की जीत का दावा किया।
केंद्रीय मंत्री का यह दौरा प्रशासनिक, न्यायिक और सामाजिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिसमें उन्होंने सरकार की नीतियों और भविष्य की योजनाओं को स्पष्ट रूप से सामने रखा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

