राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कदमा में श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र की आधारशिला रखीं
-सामाजिक और सांस्कृतिक संवाद का प्रमुख केंद्र बनेगा श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक केंद्र : राष्ट्रपतिपूर्वी सिंहभूम, 26 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जमशेदपुर के कदमा स्थित मरीन ड्राइव में गुरुवार को श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण के लिए आधारशिला रखी। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित भूमि पूजन समारोह गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ।इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि यह हमारी जीवन पद्धति और सामाजिक समरसता की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि श्री जगन्नाथ की परंपरा लोककल्याण, सेवा और समावेशिता का संदेश देती है। ऐसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र समाज को जोड़ने, नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से परिचित कराने और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि यह केंद्र न केवल धार्मिक गतिविधियों का स्थल होगा, बल्कि सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक संवाद का भी प्रमुख केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में संतोष कुमार गंगवार, हेमन्त सोरेन और धर्मेंद्र प्रधान, समारोह में सांसद बिद्युत बरन महतो, विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा साहू सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

