संघ कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले का आरोपित मांडर में मुठभेड़ के बाद घायल, आईएसआई संलिप्तता के आरोप की जांच जारी

WhatsApp Channel Join Now
संघ कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले का आरोपित मांडर में मुठभेड़ के बाद घायल, आईएसआई संलिप्तता के आरोप की जांच जारी


-आईएसआई के कहने पर संघ कार्यालय पर किया गया था हमला

रांची, 18 जून (हि.स.)। रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमले के मामले में गिरफ्तार एक आरोपित गुरुवार को पुलिस हिरासत से फरार हो गया। बाद में मांडर टोल प्लाजा के पास पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस के अनुसार, सैफ नामक आरोपित को कोतवाली थाना में पूछताछ के लिए रखा गया था। गुरुवार दोपहर उसने बाथरूम जाने की अनुमति ली। बाथरूम के भीतर नल खोलकर उसने प्रहरी को भ्रमित किया और खिड़की के रास्ते झाड़ियों के सहारे थाने से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही रांची पुलिस में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से लेकर सिटी नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) और विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने बताया कि मांडर टोल प्लाजा के पास उसकी लोकेशन मिलने पर घेराबंदी की गई। इस दौरान आरोपित ने पुलिस का हथियार छीनने और फायरिंग करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया।

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि घेराबंदी के दौरान आरोपित द्वारा पुलिस पर हमला करने की कोशिश की गई, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। घायल आरोपित को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसपी सिटी ने बताया कि आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले के मामले में अब तक तीन आरोपितों अमन अंसारी, सैफ और सयान खान को गिरफ्तार किया गया है। अमन अंसारी हाल ही में दुबई से भारत लौटा था। उसका आतंकवादी संगठन आईएसआई से संपर्क है। आईएसआई के कहने पर ही संघ कार्यालय पर हमला किया गया था। उसे इससे बड़ा भी कुछ करना था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल कर रही है और आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस का यह भी दावा है कि प्रारंभिक जांच में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं, जिनमें कथित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की बात शामिल है। हालांकि, किसी भी संगठन या विदेशी एजेंसी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है और जांच जारी है।

अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story