प्रधानमंत्री के सलाहकार पहुंचे धनबाद पहुंचे, बीसीसीएल और झरिया मास्टर प्लान की करेंगे समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री के सलाहकार पहुंचे धनबाद पहुंचे, बीसीसीएल और झरिया मास्टर प्लान की करेंगे समीक्षा


धनबाद, 31 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सलाहकार तरुण कपूर दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को धनबाद पहुंचे। दुर्गापुर के काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट पर उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

धनबाद पहुंचने के क्रम में तरुण कपूर ने मैथन स्थित प्रसिद्ध मां कल्याणेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने कोयला भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बीसीसीएल के शीर्ष अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रधानमंत्री के सलाहकार बीसीसीएल की विभिन्न खनन परियोजनाओं, अग्नि प्रभावित क्षेत्रों और पुनर्वास स्थलों का निरीक्षण करेंगे। वे मुनीडीह क्षेत्र में संचालित कोल बेड मीथेन और लॉन्गवॉल प्रोजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा कुसुंडा क्षेत्र के एना फायर प्रोजेक्ट का भी दौरा करेंगे और उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों से प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद करेंगे।

मंगलवार को तरुण कपूर झरिया मास्टर प्लान के तहत बेलगड़िया और करमाटांड़ स्थित पुनर्वास स्थलों का जायजा लेंगे। इसके बाद समाहरणालय सभागार में झरिया मास्टर प्लान, जेआरडीए, एनएचएआई, रेलवे, बीएसएनएल और टेलीकॉम विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक करेंगे।

प्रधानमंत्री के सलाहकार के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा

Share this story