खेल केवल मेडल जीतने तक सीमित नहीं, यह जिम्मेदार नागरिक बनाता है: प्रधानमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
खेल केवल मेडल जीतने तक सीमित नहीं, यह जिम्मेदार नागरिक बनाता है: प्रधानमंत्री


खेल केवल मेडल जीतने तक सीमित नहीं, यह जिम्मेदार नागरिक बनाता है: प्रधानमंत्री


रांची, 27 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि नागरिक निर्माण के तहत खेल केवल मेडल जीतने का माध्यम नहीं बल्कि यह हर व्यक्ति को एक जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बनाता है। उन्होंने कहा कि वैश्विक पहचान के लिए किसी खिलाड़ी की सफलता उसके परिवार, संस्थान, राज्य और देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाती है, जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलता है।

भारतीय प्रबन्धन संस्थान (आईआईएम) रांची में 'खेलो इंडिया: खेल की बात पीएम के साथ' के तहत आज विशेष ऑनलाइन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को खेल से जुड़ने की सीख दी। उन्होंने विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए खेल को बढ़ावा देने की पहल की। उन्होंने कहा कि खेलों के विस्तार के लिए 2026 और आने वाले वर्षों में भारत की ओर से ओलंपिक जैसे बड़े आयोजनों की मेजबानी की तैयारियों के बीच युवाओं को पारंपरिक खेलों से आगे बढ़ना होगा। भारत के पास वॉटर और विंटर स्पोर्ट्स के लिए उपयुक्त भूगोल और जनसांख्यिकी दोनों उपलब्ध हैं।

उन्होंने नशा मुक्त समाज के लिए खेल और बेहतर जीवन शैली को आपस में जोड़ने की बात कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में खेल एक सशक्त माध्यम बन सकता है। टैलेंट हंट योजना के तहत 05 से 15 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों को चिन्हित कर उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण की सुविधाएं दी जाएंगी।

इससे पूर्व, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने स्वागत भाषण में कहा कि यह संवाद राज्यों के कोने-कोने से खेल प्रतिभाओं को सही मंच देने और एक मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल है।

इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में देशभर के 5,000 से अधिक संस्थानों से 10 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया, जिसमें आईआईएम रांची से भी सैकड़ों विद्यार्थी शामिल हुए। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ शामिल हुए। वहीं, आईआईएम के निदेशक प्रो दीपक कुमार श्रीवास्तव, माई भारत की राज्य निदेशक ललिता कुमारी और यूथ आइकन डॉ गौरव अग्रवाल बतौर अतिथि उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और आईआईएम रांची के छात्रों के साथ संवाद किया। इसमें अंतरराष्ट्रीय लॉन बॉल खिलाड़ी दिनेश कुमार, राष्ट्रीय तीरंदाज खिलाड़ी नेहा नाग, राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी आयुषी कदू, राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी श्रीजीत शिवडेकर शामिल हुए।

खिलाड़ियों ने खेल अकादमियों का बेहतर प्रचार-प्रसार करने और ग्रामीण युवाओं को प्रेरित करने के लिए स्पोर्ट्स आइकॉन्स से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

संवाद कार्यक्रम के बाद खेल के क्षेत्र में भारत को कैसे आगे बढ़ाया जा सके, इस संबंध में युवाओं से सुझाव लिया गया। खेल सुविधाओं के विकास और संवर्धन के लिए आईआईएम रांची के छात्र जीत विश्वास, सौरव कुमार, जय पमनानी, उत्कर्ष आनंद, विकास और ऋषिका ने अपने सुझाव पेश किये। कार्यक्रम में सामूहिक नशा मुक्ति का शपथ दिलाई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story