सुशील मोदी ने कभी अपनी निर्भीकता नहीं छोड़ी, आज हम सत्ता में है तो उसमें उनकी बड़ी भूमिका है : संजय सरावगी

WhatsApp Channel Join Now
सुशील मोदी ने कभी अपनी निर्भीकता नहीं छोड़ी, आज हम सत्ता में है तो उसमें उनकी बड़ी भूमिका है : संजय सरावगी


सुशील मोदी ने कभी अपनी निर्भीकता नहीं छोड़ी, आज हम सत्ता में है तो उसमें उनकी बड़ी भूमिका है : संजय सरावगी


-सुशील कुमार मोदी की 73वीं जयंती पर आयोजित हुए कार्यक्रम, योगदान को किया गया याद

पटना, 05 जनवरी (हि.स.)। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय सुशील कुमार मोदी की 73वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को पटना में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजेंद्र नगर पार्क में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस मौके पर कहा कि सुशील मोदी ने अपने राजनीतिक जीवन में कभी निर्भीकता से समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा जिस मुकाम पर है, उसमें सुशील मोदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सरावगी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से राजेंद्र नगर पार्क में सुशील मोदी की आदमकद प्रतिमा स्थापित कर उन्हें सम्मान दिया गया है।

सुशील मोदी के राजनीतिक जीवन को याद करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक के रूप में अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में वर्षों तक संगठनात्मक कार्य किया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई और उपमुख्यमंत्री के रूप में प्रशासनिक दक्षता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी निष्ठा, निर्भीकता और ईमानदारी की प्रतिमूर्ति थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सुशील मोदी की निष्ठा का प्रमाण है कि उनके पूरे राजनीतिक जीवन में उन पर कभी कोई आरोप नहीं लगा। उन्होंने विपक्ष में रहते हुए भी प्रभावी भूमिका निभाई और चारा घोटाले का खुलासा कर भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी निर्भीकता का परिचय दिया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सुशील मोदी और नीतीश कुमार ने लंबे समय तक साथ काम किया और गठबंधन टूटने के बाद भी सुशील मोदी ने संघर्ष का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के रूप में सुशील मोदी सरकार के लिए चुनौती बने रहते थे। उन्होंने उनके वित्तीय प्रबंधन को अभूतपूर्व बताते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से सुशील मोदी के बिहार विकास के सपनों को साकार करने का आह्वान किया।

सुशील मोदी के पुराने सहयोगी और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने कहा कि भाजपा यदि आज सर्वसमाज की पार्टी बनी है तो इसमें सुशील मोदी का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को उनके सपनों को साकार करने के लिए कार्य करना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि सुशील कुमार मोदी का जन्म 5 जनवरी 1952 को पटना में हुआ था। वे विधायक, सांसद सहित विधान सभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा—चारों सदनों के सदस्य रहे। वे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और लंबे समय तक बिहार के उपमुख्यमंत्री रहे। 13 मई 2024 को कैंसर के कारण उनका निधन हो गया। वर्ष 2025 में उन्हें मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story