भाजपा की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता, वही संगठन के मालिक : नितिन नवीन

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता, वही संगठन के मालिक : नितिन नवीन


भाजपा की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता, वही संगठन के मालिक : नितिन नवीन


-रांची में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ सुनी ‘मन की बात’-बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि और लगाया रुद्राक्ष का पौधा

रांची, 25 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत और संगठन के वास्तविक मालिक हैं। समर्पित कार्यकर्ता ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विचारों, संदेशों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाते हैं। भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके कार्यकर्ताओं के समर्पण और परिश्रम में निहित है।

नितिन नवीन कांके विधानसभा क्षेत्र के सुकुरहुटू स्थित बिरसा मंडप अखाड़ा परिसर में बूथ संख्या-249 पर भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण का सामूहिक श्रवण करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए ये बातें कही।

इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से संवाद भी किया।

कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन ने संगठन में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के महत्व को रेखांकित करते हुए एक विशेष पहल की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पीछे खड़े बूथ अध्यक्ष आकाश कुमार और मंडल अध्यक्ष प्रभात कुमार को अपने पास बुलाया और दोनों को अपने बगल में खड़ा किया। इस दौरान उन्होंने बूथ अध्यक्ष को अपना मालिक बताते हुए कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता ही संगठन की नींव हैं। उनके परिश्रम और समर्पण से पार्टी की नीतियां और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं आम लोगों तक पहुंचती हैं।

नितिन नवीन ने कहा कि वह रांची में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इसी क्रम में उन्हें कांके विधानसभा क्षेत्र में आम लोगों और कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनने का अवसर मिला। उन्होंने उपस्थित लोगों का अभिनंदन करते हुए सभी के प्रति आभार जताया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मिशन मोड में काम कर रहे हैं। तीन करोड़ लखपति दीदियां बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है और अब इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है।

नितिन नवीन ने कहा कि जब माताएं और बहनें आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं, तो उसका लाभ केवल एक परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि दो-दो परिवारों को संबल मिलता है। महिलाएं दो परिवारों को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में उनका आर्थिक सशक्तीकरण विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक संदेशों को केवल सुनने तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने परिवार, गांव और समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं।

नितिन नवीन ने बच्चों की शिक्षा, विशेषकर बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अगली पीढ़ी को बेहतर भविष्य देने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। बेटियों को पढ़ाना, उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना और आत्मनिर्भर बनाना परिवार तथा समाज की प्रगति के लिए आवश्यक है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से प्रधानमंत्री के विचारों तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने उपस्थित लोगों को ‘प्रणाम’ और ‘जोहार’ करते हुए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री अमित सिंह, पूर्व विधायक समरी लाल, भाजपा नेता अमित कुमार, रांची पश्चिमी जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता, महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766464 Articles

Share this story