(अपडेट) निशा भगत मौत मामला : राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान, डीजीपी से मांगी जांच रिपोर्ट
-विजया राहटकर बोलीं- सीबीआई जांच की सिफारिश से राज्य सरकार की जिम्मेदारी खत्म नहीं होती
रांची, 11 नवंबर (हि.स.)। आदिवासी महिला नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर राहटकर ने बुधवार को रांची में कहा कि निशा भगत को बहुत कम उम्र में उत्पीड़न के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
विजया राहटकर कहा कि आयोग इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा। उन्होंने बताया कि आयोग ने झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को मामले की तत्काल जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
विजया राहटकर ने कहा कि आयोग ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से यह जानकारी मांगी है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं, जिनके कारण निशा भगत को अपनी जान गंवानी पड़ी। अब तक इस मामले में क्या कार्रवाई हुई है और इसके लिए कौन लोग जिम्मेदार हैं, इसकी भी पूरी जानकारी मांगी गई है। आयोग ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम रांची के बाद गुमला भी पहुंची, जहां निशा भगत के माता-पिता से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली गई। इस दौरान परिजनों ने अपनी बेटी के साथ हुई घटनाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए और न्याय की मांग की। आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि परिजनों की बातों को गंभीरता से सुना गया है। आयोग आगे होने वाली कार्रवाई पर लगातार नजर रखेगा।
विजया राहटकर ने झारखंड के अधिकारियों के रवैये पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गुमला दौरे के दौरान वहां के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और उपायुक्त (डीसी) से मुलाकात नहीं हो सकी। वहीं, रांची में भी आयोग की ओर से अधिकारियों के साथ बैठक निर्धारित की गई थी, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने मुलाकात के लिए समय नहीं दिया। उन्होंने बताया कि डीजीपी से मिलने का भी प्रयास किया गया, लेकिन उनके साथ भी बैठक नहीं हो पाई।
विजया राहटकर ने कहा कि वह दो बार झारखंड का दौरा कर चुकी हैं, लेकिन महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा के लिए किसी अधिकारी ने समय नहीं दिया। मुख्यमंत्री से भी मुलाकात का समय मांगा गया था, लेकिन वहां से भी कोई समय नहीं मिला।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य में महिलाओं के साथ उत्पीड़न की घटनाएं हो रही हैं और उन्हें न्याय की जरूरत है, तो ऐसे मामलों में उनके साथ कौन खड़ा होगा। महिला सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर अधिकारियों का गंभीर और जवाबदेह होना जरूरी है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि निशा भगत की मौत के मामले के अलावा झारखंड की 536 अन्य महिलाओं से जुड़े उत्पीड़न के मामले भी आयोग के संज्ञान में आए हैं। इन मामलों पर भी राज्य सरकार की ओर से अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं को न्याय दिलाना आयोग की प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। आयोग सभी मामलों में संबंधित विभागों से जवाबदेही सुनिश्चित करने और पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।
निशा भगत मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की सिफारिश के संबंध में पूछे गए सवाल पर विजया राहटकर ने कहा कि सीबीआई जांच की अनुशंसा कर देने मात्र से राज्य सरकार की जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती। स्थानीय पुलिस ने अब तक मामले में जो जांच की है और जो भी तथ्य एवं साक्ष्य जुटाए हैं, उनकी पूरी जानकारी सीबीआई को उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जांच की प्रक्रिया में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। स्थानीय पुलिस की ओर से जुटाए गए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर सीबीआई को जांच आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे दोषियों की पहचान कर उन्हें सजा दिलाने का रास्ता साफ होगा। राष्ट्रीय महिला आयोग इस पूरे मामले की निगरानी करता रहेगा।
विजया किशोर राहटकर ने कहा कि किसी भी लड़की को उत्पीड़न के कारण इस तरह अपनी जान गंवानी पड़े, यह समाज और प्रशासन दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सरकार, पुलिस तथा प्रशासन को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए।
इससे पूर्व झारखंड दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर राहटकर ने रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत की। उन्होंने निशा भगत की मौत को बेहद दुखद बताते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इसी मामले की वास्तविक स्थिति जानने और पीड़ित परिवार से मिलने के उद्देश्य से वह झारखंड पहुंची हैं।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

