सांसद मनोज तिवारी ने युवाओं से की 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान की अपील

WhatsApp Channel Join Now

- अभिनेत्री सौंदर्य शर्मा के साथ की मां दुर्गा की पूजा-अर्चना

गिरिडीह, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने देश के युवाओं से वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सकारात्मक योगदान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवाओं को समाज में फैल रही भ्रांतियों से दूर रहकर पढ़ाई-लिखाई और करियर निर्माण पर ध्यान देना चाहिए। मनोज तिवारी सोमवार को गिरिडीह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक दल का सदस्य कहीं भी धरना-प्रदर्शन कर सकता है। प्रशासन की अनुमति लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पर कोई प्रतिबंध नहीं है। हालांकि, उन्होंने युवाओं से देश में अराजकता फैलाने वाले कथित भ्रामक प्रचार से बचने की अपील की।

मनोज तिवारी ने झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित मारपीट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी घटनाओं की जानकारी मिली है, जिनमें प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ मारपीट की गई। उन्होंने युवाओं से किसी भी तरह की भ्रांति में पड़ने के बजाय शिक्षा और अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।

गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में संभावित उपचुनाव और भाजपा के उम्मीदवार को लेकर पूछे गए सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा कि पार्टी में करोड़ों कार्यकर्ता हैं। ऐसे में टिकट के लिए कई दावेदारों का होना और प्रयास करना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि पार्टी जिसे उम्मीदवार बनाती है, उसके साथ संगठन और कार्यकर्ता खड़े रहते हैं।

मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर मांगी खुशहाली

इससे पहले मनोज तिवारी और अभिनेत्री सौंदर्य शर्मा गिरिडीह पहुंचे। दोनों ने विनोद सिन्हा के आवास पर पहुंचकर शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / कमलनयन छपेरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759482 Articles

Share this story