राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम


कोडरमा, 18 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के तहत कोडरमा परियोजना के आंगनबाड़ी केंद्र पुरनानगर-1 और चचाई-3 में शुक्रवार को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने सहभागिता की और केंद्रों पर आयोजित गतिविधियों का अवलोकन किया।

अन्नपूर्णा देवी ने माताओं, लाभार्थियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बातचीत कर बच्चों और माताओं के पोषण एवं स्वास्थ्य की जानकारी ली। आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में स्थानीय एवं पारंपरिक अनाजों पर आधारित पोषण प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों के पोषण मूल्य और संतुलित आहार में उनकी उपयोगिता को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और छोटे बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया।

महिलाओं से बातचीत के दौरान बच्चों के समुचित पोषण, संतुलित आहार, स्वास्थ्य और देखभाल से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। बच्चों के बीच फलों का वितरण कर पौष्टिक आहार के महत्व का संदेश दिया गया। स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम के तहत ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) का भी आयोजन हुआ। एएनएम ने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और अन्य लाभार्थियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण तथा गर्भावस्था और शिशु अवस्था में उचित पोषण के महत्व की जानकारी दी। लाभार्थियों को समय पर टीकाकरण कराने और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि गर्भवती और धात्री महिलाओं तथा बच्चों तक सरकारी योजनाओं और पोषण संबंधी सेवाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने के लिए विभाग की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रवि जैन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक कुमारी तिर्की, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी डॉ. रेखा रानी, पप्पू कुमार यादव, मयूरेश कुमार, राजकुमार तिवारी सहित संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव समीर

Share this story