आईईडी विस्फोट में घायल जवानों को हेलीकाप्टर से लाया गया रांची, इलाजरत

WhatsApp Channel Join Now
आईईडी विस्फोट में घायल जवानों को हेलीकाप्टर से लाया गया रांची, इलाजरत


आईईडी विस्फोट में घायल जवानों को हेलीकाप्टर से लाया गया रांची, इलाजरत


रांची, 21 फरवरी (हि.स.)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शनिवार को छोटा नागरा थाना क्षेत्र में चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों की ओर से पूर्व में लगाए गए प्रेशर आईईडी में विस्फोट घायल कोबरा बटालियन के दो जवानों को हेलीकाप्टर से रांची लाया गया। दोनों का इलाज राज अस्पताल में चल रहा है। घायल जवानों में सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के हवलदार दिनेश राउत और बलजिंदर सिंह शामिल है। दिनेश राउत महाराष्ट्र के रहने वाले है। दिनेश राउत इस विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उनका बायां पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उनकी स्थिति स्थिर बतायी जा रही है।

वहीं बलजिंदर सिंह पंजाब के रहने वाले है। जवान बलजिंदर सिंह को शरीर में स्पलिंटर (विस्फोटक के टुकड़े) लगने से चोट आई है। हालांकि, डॉक्टरों ने उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई है।

पुलिस के अनुसार, सुरक्षा बलों को सारंडा के अंदरूनी इलाकों में नक्सली गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद जिला पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने जंगल में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान जवानों का पैर जमीन में दबाकर लगाए गए विस्फोटक उपकरण पर पड़ गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, लेकिन अन्य जवानों ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया।

आईईडी विस्फोट के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान और तेज कर दिया है। अतिरिक्त बलों की तैनाती कर संभावित अन्य विस्फोटकों की तलाश की जा रही है।

सीआरपीएफ आईजी साकेत सिंह ने बताया कि आईईडी विस्फोट में दो जवान घायल हुए है। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story