मुनीडीह कोल वाशरी में बड़ा हादसा: लोडिंग के वक्त काेयला डस्ट गिरने से चार मजदूरों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मुनीडीह कोल वाशरी में बड़ा हादसा: लोडिंग के वक्त काेयला डस्ट गिरने से चार मजदूरों की मौत


धनबाद, 02 मई (हि.स.)। धनबाद जिले के मुनीडीह ओपी क्षेत्र स्थित बीसीसीएल मुनीडीह कोल वाशरी प्रोजेक्ट में शनिवार दोपहर को एक बड़ा हादसा हो गया। ट्रक में काेयला डस्ट (स्लरी) लोडिंग के दौरान अचानक स्लरी गिरने से चार मजदूर उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है।

बताया जा रहा है कि लोडिंग के दौरान अचानक भारी मात्रा में डस्ट गिरी, जिसमें वहां काम कर रहे मजदूर दब गए। घटना के तुरंत बाद मौजूद मजदूरों और स्थानीय ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश की।

पुटकी पुलिस स्टेशन के प्रभारी वकार हुसैन के अनुसार, इस हादसे में माणिक बाउरी, दिनेश बाउरी, दीपक बाउरी और हेमलाल गोप की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सीआईएसएफ की टीम और प्रशासन मौके पर पहुंच गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

इधर, आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने चारों शवों को मुनीडीह कोल वाशरी गेट के सामने रखकर मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा

Share this story