न्याय मिलने तक जारी रहेगी भूख हड़ताल : देवेंद्र नाथ महतो

WhatsApp Channel Join Now
न्याय मिलने तक जारी रहेगी भूख हड़ताल : देवेंद्र नाथ महतो


रांची, 11 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच रांची सदर अस्पताल में इलाजरत छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखने का संकल्प दोहराया है।

मंगलवार को जारी खुले पत्र में देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस लाठीचार्ज और धक्का-मुक्की के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन न्याय के लिए उनका संघर्ष और संकल्प अडिग है। उन्होंने कहा कि झारखंडी छात्रों को पूर्ण न्याय मिलने तक उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी।

महतो ने विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस लाठीचार्ज और बल प्रयोग की निंदा करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि अनावश्यक बल प्रयोग हुआ है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने छात्र-युवाओं से संयम बरतने और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखने की अपील की। महतो ने कहा कि आंदोलन छात्रों के न्याय, सम्मान, पारदर्शिता और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था के अधिकार के लिए है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, लंबे समय से जारी भूख हड़ताल के कारण उनकी शारीरिक स्थिति कमजोर हुई है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी आवश्यक जांच की जा रही है। सभी जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे के उपचार और चिकित्सकीय प्रबंधन को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

सुरक्षा और चिकित्सकीय कारणों से अस्पताल में उनसे मिलने आने वाले सभी लोगों को फिलहाल मुलाकात की अनुमति नहीं दी जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story