मजबूत इरादों के साथ हर कर्तव्य को पूरा करने वाला है बजट : संजय सेठ
रांची, 01 फ़रवरी (हि.स.)। रांची के सांसद एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने केंद्रीय बजट को वायदों का नहीं, बल्कि कर्तव्य और मजबूत इरादों का बजट बताते हुए कहा कि यह बजट देश की जनता के प्रति सरकार के प्रत्येक दायित्व को पूरा करने का संकल्प दर्शाता है।
बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संजय सेठ ने रविवार को कहा कि इसमें हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर नागरिक को सशक्त बनाने का स्पष्ट दृष्टिकोण है। यह केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रोत्साहन और सहयोग देने वाला विजन प्रस्तुत करता है, जो नागरिकों को हर कदम पर आगे बढ़ने में सहायता करेगा।
रक्षा राज्य मंत्री ने रांची में निमहंस-2 की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान राष्ट्रीय स्तर का मनोचिकित्सा केंद्र होगा, जहां आधुनिक उपचार एवं शोध की व्यापक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में रांची को राष्ट्रीय महत्व के संस्थान की सौगात मिलना झारखंडवासियों के लिए गौरव का विषय है।
संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ने का मार्गदर्शन देते हैं, जिसकी स्पष्ट झलक इस बजट में देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि यह बजट विनिर्माण से लेकर बुनियादी ढांचे तक, स्वास्थ्य से लेकर पर्यटन तक, ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर एआई तक, खेल से लेकर तीर्थों तक-हर क्षेत्र को समाहित करते हुए विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करता है। यह बजट गांव, कस्बे और शहर के युवाओं, महिलाओं और किसानों के सपनों को नई ऊर्जा देने वाला है।
उन्होंने कहा कि बजट में गांव से शहर तक, राजमार्ग से समुद्र तक, शिक्षा से स्वास्थ्य तक सभी क्षेत्रों का संतुलित समन्वय किया गया है। यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य को एक मजबूत आधार प्रदान करता है।
रक्षा बजट को 7.85 लाख करोड़ रुपये किए जाने पर संजय सेठ ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे देश का रक्षा क्षेत्र आत्मनिर्भरता की दिशा में और मजबूत होगा। साथ ही सीमा क्षेत्रों में बुनियादी ढांचा सुदृढ़ होगा और भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण को भी बल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब खेल क्षेत्र को बजट में विशेष प्राथमिकता दी गई है। खेल क्षेत्र रोजगार, कौशल विकास और आजीविका के अनेक अवसर प्रदान करता है। खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत अगले दशक में खेल क्षेत्र को रूपांतरित करने के लिए खेलो इंडिया मिशन शुरू करने का प्रस्ताव सराहनीय है।
संजय सेठ ने इस बजट को युवा शक्ति को समर्पित बजट बताते हुए कहा कि इसमें शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के माध्यम से देश की आर्थिक वृद्धि को बनाए रखने का स्पष्ट लक्ष्य रखा गया है।
अंत में उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास और हर नागरिक के प्रति कर्तव्य को केंद्र में रखकर यह बजट तैयार किया गया है। इस समावेशी बजट के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एवं पूरी केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

