निशा भगत आत्महत्या मामले में सीबीआई ने दर्ज की प्राथमिकी, अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा नामजद

WhatsApp Channel Join Now
निशा भगत आत्महत्या मामले में सीबीआई ने दर्ज की प्राथमिकी, अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा नामजद


निशा भगत आत्महत्या मामले में सीबीआई ने दर्ज की प्राथमिकी, अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा नामजद


रांची, 16 नवंबर (हि.स.)। आदिवासी युवती निशा भगत आत्महत्या मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इसमें केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और आदिवासी नेत्री ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी अभियुक्त बनाया गया है। सीबीआई की दिल्ली स्थित विशेष अपराध शाखा-1 ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही जांच तेज कर दी है। सोमवार को जांच एजेंसी की टीम रांची के पहाड़ी टोला स्थित अजय तिर्की के आवास पर पहुंची और उनसे पूछताछ की। वहीं, छह सदस्यीय सीबीआई टीम ज्योत्सना केरकेट्टा के आवास पर भी पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की गई। टीम दोनों के खिलाफ लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

छह नवंबर को निशा भगत ने आत्महत्या कर ली थी। इस घटना को लेकर उनके पिता हंदू भगत की शिकायत पर पिठौरिया थाने में प्राथमिकी संख्या 114/2026 दर्ज की गई थी। सीबीआई ने जांच अपने हाथ में लेने के बाद इसी प्राथमिकी को आधार बनाकर मामला दर्ज किया है।

उल्लेखनीय है कि पिठौरिया थाना क्षेत्र के डहू टोली स्थित अपने आवास पर निशा भगत ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। घटना से पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं। इस दौरान रोते हुए उन्होंने अपनी परेशानियां साझा की थीं। लाइव वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर कथित प्रताड़ना का आरोप लगाया था और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए थे।

आत्महत्या से पहले निशा ने पिठौरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी परिस्थितियों की जानकारी दी थी। आरोप है कि थाना प्रभारी ने उन्हें थाने बुलाने की बात कहकर फोन काट दिया था। फेसबुक लाइव के दौरान निशा ने अजय तिर्की का नाम लेते हुए भी कई आरोप लगाए थे।

निशा की मौत के बाद उनके पिता हंदू भगत ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई थी। उन्होंने पिठौरिया थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की, आदिवासी नेत्री ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। पिता ने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी की बदनामी कर उसे आत्महत्या के लिए उकसाया गया। भाजपा समेत अन्य विपक्षी दलों ने भी मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अनुशंसा पर सीबीआई जांच का निर्णय लिया गया।

इस मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) और राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने भी स्वतः संज्ञान लिया है। एनसीएसटी ने पुलिस अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई का ब्योरा मांगा है। वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने गुमला पहुंचकर निशा के परिजनों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली।

महिला आयोग की अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष, विस्तृत और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही निशा के फेसबुक लाइव, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778041 Articles

Share this story