रांची से दिल्ली जा रहा एयर एंबुलेंस चतरा के जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त, पायलट सहित सात लोग थे सवार

WhatsApp Channel Join Now
रांची से दिल्ली जा रहा एयर एंबुलेंस चतरा के जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त, पायलट सहित सात लोग थे सवार


चतरा/रांची, 23 फरवरी (हि.स.)।

झारखंड के चतरा जिले से एक विमान हादसे की खबर सामने आई है। रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुआ एक एयर एंबुलेंस विमान सिमरिया थाना क्षेत्र के घने जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान में सवार सात लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि आपात स्थिति में एक गंभीर मरीज को दिल्ली ले जाया जा रहा था। विमान में मरीज के साथ एक परिजन, एक डॉक्टर, एक मेल नर्स और चालक दल के सदस्य सवार थे।

इनमें पायलट विवेक विकास भगत, स्वराजदीप सिंह, मरीज संजय कुमार, अर्चनादेवी, ध्रुव, डॉ विकास कुमार गुप्ता, सचिन कुमार मिश्रा शामिल है।

उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान का संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से टूट गया और वह रडार से गायब हो गया। इसके बाद सिमरिया क्षेत्र के खासियातू करम टांड़ के जंगलों से तेज धमाके की आवाज सुनाई देने की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने दी।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विमान को आसमान में असंतुलित हालत में उड़ते देखा गया, जिसके कुछ ही देर बाद वह जंगल में जा गिरा। दुर्घटना स्थल दुर्गम और घने जंगलों से घिरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य में कठिनाई आ रही है। सूचना मिलते ही सिमरिया थाना पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है और मलबे तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

प्रशासन का प्राथमिक फोकस शवों को बाहर निकालने और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच प्रक्रिया शुरू करने पर है। अभी तक विमान में सवार लोगों की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को सूचित किए जाने की जानकारी मिली है। प्रशासन ने विस्तृत रिपोर्ट आने तक किसी भी तरह की अटकलों से बचने की अपील की है। पुलिस के एक वरीय अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story