(अपडेट )सीजीएल समेत टीडीपीएल की सभी परीक्षाएं रद्द, मुख्यमंत्री ने की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट )सीजीएल समेत टीडीपीएल की सभी परीक्षाएं रद्द, मुख्यमंत्री ने की घोषणा


(अपडेट )सीजीएल समेत टीडीपीएल की सभी परीक्षाएं रद्द, मुख्यमंत्री ने की घोषणा


रांची, 17 अगस्त (हि. स.)। छात्रों के आंदोलन के 24वें दिन राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए टीडीपीएल की ओर से ली गई जेपीएससी-जेएसएससी की सारी परीक्षाएं रद्द करने का फैसला किया है। सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में हुई कैबिनेट की मंत्रियों के विशेष बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके अलावा जेएसएससी की ओर से आयोजित सीजीएल परीक्षा को भी रद्द करने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैठक के बाद मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि कैबिनेट ने 14वीं जेपीएससी पीटी के अलावा बैकलॉग 2023 और 2025 परीक्षा को रद्द करने का भी निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के साथ है और उनकी मांगों पर विचार करने के पश्चात यह निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि सीजीएल परीक्षा की जांच के लिए गठित एसआईटी और सीआईडी की अब तक रिपोर्ट के अनुसार कुछ चीजें ऐसी आई हैं जिनसे गड़बड़ी के संकेत मिले हैं। जेपीएससी पीटी में पकड़े गए छात्र की सीजीएल में भी भूमिका पाई गयी है। ऐसे में सरकार ने सीजीएल को रद्द करने का निर्णय लिया है।

आइएएस अमिताभ कौशल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने जेपीएससी जेएसएससी के रिफॉर्म के लिए कमेटी का गठन किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पहले से ही एसओपी बनी हुई है, यदि उसका पालन किया गया होता तो ऐसी परिस्थिति नहीं होती। इसके अलावा राज्य सरकार ने इसमें सुधार के लिए लोगों से सुझाव मांगा है, उसे भी बाद में समाहित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 2014 से अब तक हुई सभी परीक्षाओं की जांच कराने का निर्णय लिया है और इसको लेकर कार्रवाई की जा रही है. छात्रों की मांग पर सरकार के द्वारा गठित मंत्रियों की कमेटी ने पिछले दिनों कई दौर की वार्ता भी की थी. जिसमें सीजीएल परीक्षा को लेकर या अन्य परीक्षा की जांच सेवानिवृत हाई कोर्ट के जज से कराने का प्रस्ताव दिया गया था लेकिन इस पर सहमति नहीं बनी। बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि सीजीएल परीक्षा को भी रद्द किया जाए।

मुख्यमंत्री ने इस बात की भी घोषणा की कि पिछले दिनों जिस तरह से केंद्र सरकार ने माइंस एंड मिनिरल डेवलपमेंट एक्ट में संशोधन कर खनिज पर राज्य को मिलने वाले सेस की शक्ति छीन ली है, उसको लेकर बहुत जल्द विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाएगा और अलग से इसपर बैठक होगी।

टीडीपीएल ने ली हैं ये परीक्षाएं

14वीं जेपीएससी सिविल सेवा पीटी परीक्षा।

झारखंड पात्रता परीक्षा (जेट)।

सहायक लोक अभियोजक।

इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज।

सिविल जज जूनियर।

झारखंड वन रक्षक प्रतियोगिता परीक्षा।

झारखंड पीजीटी परीक्षा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story