उपराष्ट्रपति व प्रधानमंत्री ने खूंटी सड़क हादसे पर जताया दुख

WhatsApp Channel Join Now
उपराष्ट्रपति व प्रधानमंत्री ने खूंटी सड़क हादसे पर जताया दुख


नई दिल्ली, 06 नवंबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्य़क्ष ओम बिरला ने झारखंड के खूंटी जिले में हुई सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई।

उपराष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, झारखंड के खूंटी में हुए दुखद सड़क हादसे में लोगों की जान जाने से गहरा दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस हादसे में जिन लोगों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति वह संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं और ईश्वर से घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।

उल्लेखनीय है कि खूंटी जिले में कर्रा थाना क्षेत्र के कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के समीप गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। इसमें सात लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आज सुबह रेलवे फाटक के पास सड़क जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को समुचित मुआवजा और सड़क सुरक्षा देने की मांग कर रहे हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773238 Articles

Share this story