एबीआर पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी 2 फरवरी को दिल्ली शैक्षणिक भ्रमण पर, राष्ट्रपति से मुलाकात का अवसर

WhatsApp Channel Join Now
एबीआर पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी 2 फरवरी को दिल्ली शैक्षणिक भ्रमण पर, राष्ट्रपति से मुलाकात का अवसर


पूर्वी सिंहभूम, 29 जनवरी (हि.स.)। मानगो के पारडीह स्थित अघोरेश्वर भगवान राम (एबीआर) पब्लिक स्कूल के चयनित विद्यार्थी 2 फरवरी को दिल्ली शैक्षणिक भ्रमण पर जाएंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का विशेष अवसर मिलेगा। इसके अलावा, वे दिल्ली के विभिन्न ऐतिहासिक, शैक्षणिक और राष्ट्रीय महत्व के स्थलों का भी भ्रमण करेंगे।

इस कार्यक्रम के आयोजन में राउंड टेबल इंडिया का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है।

स्कूल के अवैतनिक प्राचार्य प्रमोद कुमार ने बताया कि भ्रमण पर जाने वालों में शिक्षिका अदिति पांडेय (25) के साथ छात्र-छात्रा उर्मी मुर्मू (11), पल्लवी कुमारी नाग (12), अंबालिका महतो (12), शुभम मिश्रा (12) और प्रियांशु दास (13) शामिल हैं।

इस विद्यालय में वर्तमान में सिमडेगा जिले के पांच आदिवासी विद्यार्थी निःशुल्क शिक्षा के साथ आवास, भोजन और वस्त्र की सुविधा प्राप्त कर अध्ययन कर रहे हैं। स्कूल सभी वर्गों के बच्चों को लाभ-रहित शुल्क पर कंप्यूटर और स्मार्ट क्लास आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराता है।

एबीआर पब्लिक स्कूल श्री सर्वेश्वरी समूह के तहत संचालित है। इसका मूल केंद्र अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) है। संस्था को विश्व में सबसे अधिक कुष्ठ रोगियों को स्वास्थ्य लाभ देने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक योगदान के लिए इसे पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुके हैं।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story