झारखंड के 29 पुलिस अधिकारियों-कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस पर मिलेगा पुलिस पदक

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के 29 पुलिस अधिकारियों-कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस पर मिलेगा पुलिस पदक


रांची, 12 अगस्त (हि.स.)। झारखंड के तीन भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों समेत 29 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उनकी विशिष्ट, वीरतापूर्ण और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। गृह विभाग ने पदक पाने वाले अधिकारियों और कर्मियों की सूची जारी कर दी है।

जारी सूची के अनुसार, एक एएसआई को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, पांच पुलिसकर्मियों को वीरता पदक और तीन आईपीएस अधिकारियों समेत 23 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। इस बार सम्मान पाने वालों में पांच महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

विशिष्ट सेवा के लिए जैप-1 के एएसआई कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, वीरता पदक पाने वालों में लातेहार के अवर निरीक्षक विनय कुमार, आईआरबी-4 लातेहार के सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार राय, लातेहार जिला बल के आरक्षी वेद प्रकाश महतो और रामचंद्र कुमार महतो तथा आईआरबी-1 जामताड़ा के आरक्षी कृष्णा मुर्मू शामिल हैं।

सराहनीय सेवा के लिए पदक पाने वालों में महानिरीक्षक रेल डॉ. माइकल राज एस, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात आईपीएस अधिकारी अन्नेपु विजयालक्ष्मी और कोल्हान के उपमहानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा शामिल हैं।

इनके अलावा स्पेशल ब्रांच के उपाधीक्षक नीरज कुमार, वायरलेस के इंस्पेक्टर अरुण कुमार, एसटीएफ के इंस्पेक्टर मनोज कुमार राय, आईटीएस रांची के इंस्पेक्टर असित कुमार मोदी, एसटीएफ के एएसआई अरविंद कुमार पालित, वशिष्ठ कुंवर, संजीव कुमार झा और विजय कुमार को भी सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा।

रांची जिला के एएसआई दीपक पुंज, सीआईडी के एएसआई महेंद्र महतो, एसटीएफ के हवलदार इकबाल, हवलदार बिन्दराय मुण्डरी और हवलदार विजय थापा भी सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित होंगे।

इस बार पदक पाने वालों में पांच महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। जैप-10 होटवार की महिला आरक्षी मान्ती खलखो और प्रभा देवी तथा महिला हवलदार रंजिता कुजूर को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा जैप-10 की महिला आरक्षी पुष्पा ओड़ेया को भी सराहनीय सेवा के लिए पदक प्रदान किया जाएगा। गढ़वा के आरक्षी विदेशी मांझी, चतरा के आरक्षी अजय कुमार दूबे और गुमला के आरक्षी दीपक कुमार सिंह को भी सराहनीय सेवा पदक मिलेगा।

पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया है कि पदक प्राप्त करने वाले अधिकारी और कर्मी 13 अगस्त 2026 की अपराह्न तक वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के समक्ष रिपोर्ट करें।

पुलिस मुख्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी पदक प्राप्तकर्ता का इस बीच स्थानांतरण या पदस्थापन हो गया है तो संबंधित वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक अथवा नियंत्रक पदाधिकारी इसकी सूचना पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराएंगे।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिया जाने वाला यह सम्मान पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की विशिष्ट, वीरतापूर्ण एवं सराहनीय सेवाओं के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story