निशांत का आज होगा सक्रिय राजनीति में प्रवेश, जदयू ने कहा-यह क्षण रहेगा भावनात्मक

WhatsApp Channel Join Now
निशांत का आज होगा सक्रिय राजनीति में प्रवेश, जदयू ने कहा-यह क्षण रहेगा भावनात्मक


निशांत का आज होगा सक्रिय राजनीति में प्रवेश, जदयू ने कहा-यह क्षण रहेगा भावनात्मक


पटना, 08 मार्च (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा ने आज सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि नई पीढ़ी के बिना कोई भी कारवां आगे नहीं बढ़ सकता है। आज पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में भाई निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में प्रवेश का क्षण जनता दल (यूनाइटेड) परिवार के लिए अत्यंत भावनात्मक और उत्साहित करने वाला अवसर है।

मनीष वर्मा ने कहा कि उनमें विनम्रता, सहजता और सादगी कूट कर भरी है। उन्होंने कभी इस बात का अभिमान नहीं किया कि वे कितने महान नेता के पुत्र हैं। राजनीतिक जीवन में उनका आना केवल एक व्यक्तिगत शुरुआत भर नहीं है, बल्कि जनता दल यूनाइटेड की राजनीति को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। बिहार की राजनीति को विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता को आगे बढ़ाने में उनका योगदान अपेक्षित है। कार्यकर्ताओं की मांग पर उनका आगे आना सुखद बात है।

वर्मा ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उनके शांत, संयमित और संतुलित व्यक्तित्व से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। साथ ही बिहार की युवा शक्ति को भी समाज और राज्य के निर्माण में सकारात्मक, रचनात्मक और जिम्मेदार भूमिका निभाने की नई प्रेरणा प्राप्त होगी। सार्वजनिक जीवन की इस नई पारी के लिए उन्हें हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं। जदयू परिवार में स्वागत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story